Raje's 'Rajasthan Gaurav Yatra' will welcome in Bharatpur Congress MLA Vishvendra Singh.

मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की राजस्थान गौरव यात्रा का पहला चरण शुक्रवार को पूरा हो गया है। पहले चरण की यात्रा में राजे ने उदयपुर संभाग का दौरा करते हुए 15 विधानसभा क्षेत्रों का भ्रमण किया। इसके बाद अब दूसरे चरण की यात्रा 16 अगस्त से भरतपुर संभाग में होगी।
प्रदेश की राजनीति में भूचाल लाने वाली मुख्यमंत्री राजे की राजस्थान गौरव यात्रा को लेकर विपक्षी दल कांग्रेस उस पर तंज कस रही है, लेकिन कांग्रेस के ही एक वरिष्ठ उपाध्यक्ष यात्रा का स्वागत करने की पूरी तैयारी में लगे हुए हैं। राजस्थान कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष और विधायक विश्वेंद्र सिंह ने कहा कि राजस्थान गौरव यात्रा के भरतपुर जिले में आने पर वे मुख्यमंत्री का कुम्हेर कस्बे में स्वागत करेंगे।

rajasthan-gaurav-yatra
Image: कांग्रेस विधायक विश्वेंद्र सिंह.

कांग्रेस विधायक 19 अगस्त को डीग-कुम्हेर क्षेत्र में मुख्यमंत्री का करेंगे स्वागत

डीग-कुम्हेर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक विश्वेंद्र सिंह ने कहा कि संस्कृति के हिसाब से वे मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का स्वागत करेंगे। इसके साथ ही उनके भाजपा में जाने की काफी समय से चल रही अटकलें तेज हो गई हैं, लेकिन उन्होंने इन अटकलों को साफ तौर पर नकार दिया। बोले, कांग्रेस में हूं, कांग्रेस में रहूंगा और कांग्रेस से ही चुनाव लडूंगा। भाजपा में जाने का मेरा कोई इरादा नहीं है। उन्होंने कहा कि भरतपुर जिले की विभिन्न समस्याओं से भी उन्हें अवगत कराएंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को पूर्व में किए गए वादों की भी याद दिलाई जाएगी। उल्लेखनीय है कि सीएम वसुंधरा राजे की राजस्थान गौरव यात्रा 17 से 20 अगस्त तक भरतपुर में रहेगी। सीएम राजे 19 अगस्त को सुबह 11 बजे कुम्हेर में सभा को संबोधित करेंगी।

Read More: बॉर्डर पर 650 किमी लम्बी मानव श्रृंखला बनाकर राजे सरकार करेगी शहादत को सलाम

विधायक विश्वेंद्र सिंह ने कहा कि भरतपुर को चंबल और यमुना का पानी नहीं मिलने, आवारा गोवंश से जिले में रोजाना हो रही 8-10 मौतों की घटनाओं से भी मुख्यमंत्री राजे को अवगत कराया जाएगा। कांग्रेस विधायक ने कहा कि मैंने प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट से बात की है और कहा है कि गौरव यात्रा के स्थानों पर अन्य विधायकों को भी जाना चाहिए और सरकार से पूछना चाहिए कि आखिर पांच साल में आपने क्या किया। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के जयपुर में होने वाले रोड शो के संबंध में उन्होंने कहा कि इस रोड शो से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आमजन में ऊर्जा का संचार होगा।