news of rajasthan
Rajasthan elections 2018 : Jhotwara is largest assembly constituency on the basis of voters.

प्रदेश में 15वीं विधानसभा के लिए करीब दो सप्ताह बाद होने जा रहे चुनाव में आज गुरुवार को नामांकन वापसी का अंतिम दिन है। इसके बाद 7 दिसंबर को मतदान होंगे और परिणाम 11 दिसंबर को आएंगे। राजस्थान में कुल 200 विधानसभा क्षेत्र है। सबसे ज्यादा विधानसभा क्षेत्र जयपुर जिले के अंतर्गत आते हैं। जयपुर में विधानसभा की 19 सीटें हैं और जयपुर का झोटवाड़ा विधानसभा क्षेत्र मतदाताओं के आधार पर प्रदेश का सबसे बड़ा विधानसभा क्षेत्र है। जिसमें नगर निगम जयपुर के 7 वार्ड, जेडीए का जोन पृथ्वीराज नगर-उत्तर, 41 पंचायतों के 530 गांव-ढाणियां, झोटवाड़ा पंचायत समिति, जोबनेर नगर पालिका क्षेत्र शामिल है। वर्तमान राजे सरकार में उद्योग मंत्री राजपाल सिंह शेखावत यहीं से विधायक हैं।

news of rajasthan
Image: झोटवाड़ा विधायक राजपाल सिंह शेखावत (बीच में).

3 लाख 56 हजार मतदाता है झोटवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में

राजस्थान में वर्ष 2008 में हुए परिसीमन के बाद बनीपार्क विधानसभा क्षेत्र को तोडकर झोटवाड़ा विधानसभा क्षेत्र बनाया गया था। झोटवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में इस बार के विधानसभा चुनाव में कुल 3 लाख 56 हजार वोटर्स हैं। इसमें एक लाख 86 हजार 731 पुरुष मतदाता एवं एक लाख 69 हजार 308 महिला वोटर्स शामिल है। वर्ष 2013 के चुनाव में झोटवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में 293852 मतदाता थे, इस प्रकार पांच साल में 62148 मतदाता बढ़े हैं। झोटवाड़ा में 1000 पुरुषों की तुलना में 907 महिला मतदाता है। जबकि यहां सर्विस मतदाताओं की संख्या 502 हैं। नगर निगम के 7 वार्डों में 2 लाख 38 हजार और ग्रामीण क्षेत्रों में 1 लाख 19 हजार वोटर है। इनमें से निगम के वार्ड 15 में 43 हजार, 16 में 36 हजार, 17 में 35 हजार, 18 में 34, 19 में 29 हजार, 20 में  31 हजार, 21 में 30 हजार के लगभग मतदाताओं की संख्या है। वहीं पंचायत समिति झोटवाड़ा के 530 गांव-ढाणियां और जोबनेर नगर पालिका क्षेत्र में 1 लाख 19 हजार वोटर्स हैं।

Read More: राजस्थान: वसुंधरा राजे वर्सेज मानवेन्द्र सिंह, जानिए.. किसमें कितना है दम

परिसीमन के बाद झोटवाड़ा से राजपाल सिंह बनते आ रहे हैं विधायक

2008 में हुए परिसीमन के बाद झोटवाड़ा विधानसभा सीट से राजपाल सिंह शेखावत विधायक बनते आ रहे हैं। वर्ष 2008 के विधानसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार राजपाल सिंह ने कांग्रेस के लालचंद कटारिया को हराया था। पिछले विधानसभा चुनाव में राजपाल सिंह ने कांग्रेस की रेखा कटारिया को हराया था। रेखा कटारिया के पति लालचंद कटारिया के भाई है। कांग्रेस ने गत चुनाव में कटारिया की भाभी को यहां से टिकट दिया था। 2018 के इस विधानसभा चुनाव में भाजपा ने राजपाल सिंह शेखावत को तीसरी बार झोटवाड़ा से अपना प्रत्याशी बनाया है। उनके सामने कांग्रेस की ओर से पूर्व सांसद लालचंद कटारिया मैदान में है।