news of rajasthan
Rajasthan: BJP Yuva Morcha will do innovation this time for Lok Sabha elections.

2019 के लोकसभा चुनाव में अभी समय है, इसी बीच देश के प्रमुख राजनीतिक दलों ने इन चुनावों को लेकर अपनी तैयारियां शुरू कर दी है। विश्व की सबसे बड़ी कार्यकर्ताओं वाली पार्टी भाजपा को हालिया विधानसभा चुनावों में हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन वह अब नए जोश के साथ आगामी आम चुनाव में जीत के लिए अपनी रणनीतियों पर काम कर रही है। राजस्थान में लोकसभा चुनावों को लेकर भाजपा युवा मोर्चा तैयारियों में जुट गया है। लोकसभा चुनाव को देखते हुए इस बार युवा मोर्चा कई तरह के नवाचार करने जा रहा है। आम चुनाव में युवाओं पर फोकस करने के लिए भाजपा युवा मोर्चा 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद जयन्ती से अपने कार्यक्रमों की शुरुआत करने जा रहा है।

news of rajasthan
File-Image: लोकसभा चुनाव के लिए इस बार कई तरह के नवाचार करेगा भाजपा युवा मोर्चा.

स्वामी विवेकानंद जयन्ती से शुरू होने कार्यक्रम मार्च तक चलेंगे: प्रदेशाध्यक्ष सैनी

प्रदेश की राजधानी जयपुर स्थित बीजेपी मुख्यालय पर रविवार को युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अशोक सैनी ने प्रेसवार्ता कर लोकसभा चुनाव की तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि स्वामी विवेकानंद जयन्ती से शुरू होने वाले भाजपा युवा मोर्चा के ये कार्यक्रम मार्च माह तक चलेंगे। प्रदेशाध्यक्ष सैनी ने बताया कि इसके तहत ‘नेशन विथ नमो’ कार्यक्रम लॉन्च किया जाएगा। राजस्थान के सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों में कबड्डी प्रतियोगिता कराई जाएगी। यूथ आइकॉन को इसके साथ लेकर सम्मेलन करने के साथ ही कैम्पस एंबेसडर के कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा।

Read More: बीजेपी नेता कुंजीलाल मीणा का निधन, वसुंधरा राजे ने ​ट्वीट कर जताई संवेदना

‘पहला वोट मोदी को’ कार्यक्रम का भी किया जाएगा शुभारंभ

भाजपा युवा मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष सैनी ने बताया कि इस दौरान ‘पहला वोट मोदी को’ कार्यक्रम का भी शुभारंभ किया जाएगा। इसके लिए पहली बार वोट डालने जा रहे मतदाताओं को आकर्षित किया जाएगा। कार्यक्रमों के तहत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जीवन पर आधारित ऑनलाइन सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही कई विषयों पर लेखन कार्यक्रम और कमल युवा महोत्सव कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। प्रदेशभर में 2 मार्च को भाजपा युवा मोर्चा सदस्यों द्वारा कमल संदेश मोटरसाइकिल महारैली आयोजित की जाएगी।