news of rajasthan
Rahul does not have the right to ask questions to us: BJP President Amit Shah.

राजस्थान विधानसभा चुनाव में अब करीब एक सप्ताह का और समय शेष रह गया है। इस बीच स्टार प्रचारकों की मैराथन सभाओं का दौर जारी है। भाजपा के स्टार प्रचारकों में शामिल पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की सबसे ज्यादा सभाएं हो रही है। आज गुरुवार को अमित शाह ने करौली, टोडाभीम, बस्सी और कोटपुतली में चुनावी सभाएं की। भाजपा अध्यक्ष शाह ने चुनावी जनसभाओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर प्रहार किए।शाह ने कहा कि राहुल को हमसे सवाल पूछने का हक नहीं है। सचिन पायलट और अशोक गहलोत बताएं कि आपने सत्ता में रहते हुए प्रदेश के लिए क्या किया? कांग्रेस ने राज्य को महज 1.9 लाख करोड़ रुपए दिए थे, जबकि मोदी ने 2.63 लाख करोड़ दिए हैं। आज भाजपा के शासन में राजस्थान बीमारू राज्य से निकलकर देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो गया है।

news of rajasthan
Image: अमित शाह.

हम कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक घुसपैठियों को निकालेंगे

अमित शाह ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि मौनी बाबा के समय देश असुरक्षित रहा। कोई भी जब चाहे देश में घुस आते थे। हमने सर्जिकल स्ट्राइक कर पाकिस्तान को सबक सिखाया है। प्रधानमंत्री मोदी ने दुनिया में भारत का गौरव बढ़ाया है। शाह ने एनआरसी पर कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि हम असम में एनआरसी लागू कर रहे हैं। 40 लाख घुसपैठियों को खदेड़ रहे हैं। संसद में राहुल बाबा हल्ला मचा रहे हैं जैसे ये घुसपैठिये उनके मौसेरे भाई हों। हम कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक घुसपैठियों को निकालेंगे। भाजपा अध्यक्ष शाह ने प्रदेश में फिर से पार्टी की सरकार बनाने की पैरवी करते हुए 2019 में मोदी को फिर से जीताने का भी आह्वान किया। शाह ने कहा देश भारतीय जनता पार्टी के रंग में रंग गया है। आज भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी कार्यकर्ताओं की पार्टी बन गई है।

Read More: चुनाव आयोग की हरी झंडी के बाद डिस्कॉम में 2433 टेक्निकल हेल्पर को मिली ज्वाइनिंग

राजस्थान की जनता को बताए कांग्रेस का सेनापति कौन है?

अमित शाह ने राजस्थान कांग्रेस में सीएम फेस विवाद को लेकर कहा कि कांग्रेस की सेना में न नेता है और ना नीतियां है। राहुल बाबा सिर्फ इधर-उधर घूमने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल राजस्थान की जनता को बताए कि कांग्रेस का प्रदेश में सेनापति कौन है? भाजपा अध्यक्ष शाह ने कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि कांग्रेस ने भारत माता के नारे नहीं लगने दिए। बीकानेर में कार्यकर्ताओं का मुंह बंद कर दिया गया और सोनिया और इंदिरा गांधी के नारे लगवाए गए। अमित शाह करौली के बाद नादौती पहुंचे और वहां भी उन्होंने एक विशाल चुनावी सभा को संबोधित किया। इसके बाद उन्होंने अपने तय कार्यक्रम के अनुसार बस्सी, कोटपुतली में भी जनसभाओं को संबोधित किया। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भी अपने गृह जिले में दौरे पर रहीं।