अलवर की रामगढ़ विधानसभा सीट के लिए मतदान जारी है। सुबह 8बजे से शुरू हुआ मतदान शाम 5बजे तक चलेगा। सुबह की सर्दी के बाद दोपहर होने के साथ ही मतदान करने वाले लोग बड़ी संख्या में बूथ पर पहुंच रहे हैं। चुनाव परिणााम 31जनवरी को आएगा। शांतिपूर्ण मतदान के लिए जिला प्रशासन की तरफ से पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

कांग्रेस पार्टी इस एक सीट को जीतकर नर्वस नाइंटीज के फेर से बाहर निकलकर शतक की ओर बढ़ना चाहती है लेकिन, कांग्रेस सरकार के पिछले 40दिन के कार्यकाल की बात करें तो कांग्रेस पार्टी ऐसा कोई मैजिक नहीं कर पाई है कि जनता में सरकार बनने के बाद उनकी लोकप्रियता बढ़ी। हालांकि, कांग्रेस पार्टी का मानना है कि वो 99 के फेर से निकल जाएगी। कांग्रेस विधानसभा में 199 सीट पर हुए चुनाव में 99 सीट ही जीत पाई थी। ऐसे में रामगढ़ की जीत इस आंकड़े को 100 के पार ले जाने में कारगार साबित होगी। वहीं, आरएलडी की एक सीट मिलाकर बहुमत का आंकड़ा 101 भी हो जाएगा.

रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र से 20 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इनमें मुख्य मुकाबला कांग्रेस की सफिया जुबेर खान, भाजपा के सुखवंत सिंह एवं बसपा के जगत सिंह के बीच रहने के आसार हैं।

  • रामगढ़ विधानसभा में वोटर्स की संख्या
  • कुल वोटर्स-2 लाख 34 हजार 598
  • पुरुष मतदाता- 1 लाख 24 हजार 214
  • महिला मतदाता- 1 लाख 10 हजार 497
  • सर्विस वोटर- 4 सौ 88

रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र में करीब 15 दिनों की चुनावी गहमागहमी के बाद जोर शोर से लोग मतदान में जुटें हैं। भाजपा प्रत्याशी सुखवंत सिंह ने भी मतदान किया। विधानसभा क्षेत्र के 278 मतदान केन्द्रों पर करीब 1280 मतदान कर्मी लगाए गए हैं। वहीं क्षेत्र में शांतिपूर्ण मतदान के लिए करीब 3000 से ज्यादा अर्ध सैनिक बल के कर्मचारी भी तैनात किए गए हैं।