news of rajasthan

आज महाशिवरात्रि का पर्व है। इस शुभ उपलक्ष्य में प्रदेश के सभी शिवालयों और मंदिरों में श्रद्धालुओं का जमकर सैलाब उमड़ रहा है। प्रदेश के सभी शिवालय श्रद्धालुओं के बम-बम भोले और हर-हर महादेव की ध्वनि से गुंजायमान हो उठे। मंदिरों में लगी लंबी लाइने भी भक्तों का जोश कम नहीं होने दे रही। सभी में महादेव का अभिषेक कर मन चाहा वर मांगने की होड़ सी लगी दिखाई दे रही है। इस भीड़ में युवतियों व महिलाओं की संख्या भी बराबर हैं जो महादेव के दर्शन को आतुर दिखाई दे रही हैं।

news of rajasthan
महाशिवरात्रि 2018

राजधानी जयपुर में भी आज सवेरे 4 बजे से ही जयपुर के चौड़ा रास्ता स्थित ताड़केश्वर महादेव मंदिर, मोतीडूंगरी स्थित एकलिंगेश्वर महादेव मंदिर, वैशाली स्थित झारखंड महादेव, बनीपार्क स्थित जंगलेश्वर महादेव, झोटवाड़ा रोड स्थित चमत्कारेश्वर मंदिर आदि में प्रात:कालीन अर्चना के साथ भोले की गूंज सुनाई देने लगी। इससे पूर्व भोलेनाथ का गंगाजल, दूध, दही, शहर व पंचामृत से अभिषेक किया गया और मंदिरों को सजाया गया।

महाशिवरात्रि पर मंदिरों के पट खुलते ही श्रद्धालुओं की भीड़ शिवालयों में उमड़ पड़ी जिससे पूरा माहौल शिवमय होता नजर आया। भारी भीड़ के चलते भक्तों को शिव का दर्शन करने व जलाभिषेक करने के लिए घंटों कतार में खड़े रहना पड़ा। जितनी देर लाइनों में खड़ा रहना पड़ा, उतने ही जोश के साथ हर हर महादेव, जय शंभु, बम भोले के स्वर और भी तीव्र होते गए। पार्किंग व सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने में पुलिस प्रशासन को खासी मशक्कत करनी पड़ रही है।

news of rajasthan

शिव भक्तों ने भगवान शिव को प्रसन्न करने के लिए दूध व जल के अलावा भांग, धतूरा, बेलपत्र, आम का बौर, फूल, गेहूं की बाल, बेर अर्पण करते हुए अभिषेक किया। महाशिवरात्रि पर भक्तों ने पंचामृत, ईक्षु रस, विजया, शहद, घी और अन्य द्रव्य और औषधियों से विधिवत पूजा के साथ स्नान करवाया और फल-फूल और अनेक प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया।

read more: देवों के देव महादेव की चार प्रहर की पूजा से पूर्ण होंगी सभी मनोकामनाएं