जयपुर। राजस्थान के जोधपुर जिले में आज शनिवार सुबह बोलेरो और ट्रेलर के बीच जबरदस्त भिड़ंत हो गई। जोधपुर जिले के शेरगढ़ थाना इलाके में मेगा हाई—वे पर सोईन्तरा गांव के पास हुए इस हादसे में दूल्हा और दुल्हन सहित 11 लोगों की मौत हो गई है। इस हादसे में तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में 4 पुरुष 6 महिलाएं और 1 बच्चा शामिल है। हादसा उस समय हुआ जब हाइवे पर सामने से आ रहे ट्रेलर ने बोलेरो को चपेट में ले लिया। हादसे के बाद कोहराम मच गया। वहां से गुजर रहे लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

नवविवाहित जोड़े सहित 11 की मौत
मौके पर पहुंची शेरगढ़ पुलिस ने क्रेन की सहायता से दोनों वाहनों में फंसे मृतकों और घायलों को बाहर निकाला। शेरगढ़ थाना पुलिस ने बताया कि हादसे में 11 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। तीन अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रेफर कर दिया गया है। हादसा सोईतंरा गांव की सरहद पर हुआ। मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। हादसे के शिकार हुए लोगों ने एक नवविवाहित जोड़ा भी बताया जा रहा है। अभी तक मृतकों और घायलों की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे हैं।

27 फरवरी को हुई थी शादी
पुलिस के अनुसार, बोलेरो गाड़ी में सवार जातरु बालोतरा से रवाना हुए थे और रामदेवरा जा रहे थे। रामदेवरा जाने के दौरान शेरगढ़ में ट्रेलर ने बोलेरो को टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि बोलेरो चालक को नींद की झपकी आने से हादसा हुआ। हादसे में दूल्हा और दुल्हन की भी मौत हो गई। विक्रम और सीता की शादी 27 फरवरी को ही हुई थी। शादी की खुशियों के बीच महिलाएं और बच्चे रामवेदरा में दुल्हा दूल्हन के साथ ढोक लगाने जा रहे थे।

क्षत-विक्षत हो गए शव
हादसे के बाद जब पुलिस मौके पर पहुंची तो बोलेरो की हालत देखकर दंग रह गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से जब बोलेरो को हटाया तो उसमें से महिलाओं और बच्चों के शव नीचे गिरने लगे। जैसे—तैसे दोनो वाहनों को हटाने के बाद पुलिस ने सड़क किनारे सभी शवों को रखवाया।

सीएम गहलोत व राजे ने जताया दुख
सड़क हादसे पर सीएम अशोक गहलोत ने दुख जताया है। सीएम अशोक गहलोत ने ट्वीट कर शोक संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने लिखा, ‘दर्दनाक हादसे के बारे में जानकर काफी दुख हुआ। इसमें 11 लोगों की जान चली गई। मृतकों के परिजनों के प्रति में गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर उन्हें इस दुख को सहने की शक्ति दे। मैं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।

वहीं पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने भी जोधपुर घटना पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा कि इस भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के 11 लोगों की मौत का समाचार अत्यंत दुःखद व दुर्भाग्यपूर्ण है। मैं ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा घायलों के शीघ्र स्वाथ्य लाभ की कामना करती हूं। भाजपा की वरिष्ठ नेता राजे ने शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं भी व्यक्त की।

बीते माह बूंदी में हुआ था बड़ा हादसा
आपको बता दें कि बीते माह बूंदी जिले में बड़ा सड़क हो गया था। भात भरने के लिए जा रहे लोगों बस अनियंत्रित होकर पुलिया से मेज नदी में गिर गई थी। इस हादसे में 24 लोगों को मौत हो गई थी। प्रदेश उस हादसे से उबर भी नहीं पाया था कि उसके बाद जोधपुर में बड़ा हादसा हो गया। प्रदेश में गत एक साल के दौरान कई बड़े सड़क हादसे हो चुके हैं।