news of rajasthan
I am standing with women sisters until last breath: Chief minister Raje.

राजस्थान गौरव यात्रा के तहत शुक्रवार को श्रीगंगानगर जिले में पहुंची प्रदेश की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा है कि मुझे गर्व है कि मैं एक महिला हूं और इस नाते मैं जन्म से लेकर आखिरी सांस तक अपनी महिला बहनों के साथ हर पल खड़ी हूं। उन्होंने कहा कि हमने महिलाओं के लिए जो योजनाएं शुरू की है वे जन्म से लेकर वृद्धावस्था तक महिलाओं को आत्म निर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। मुख्यमंत्री राजे ने जिले के अनूपगढ़ विधानसभा क्षेत्र में आयोजित विशाल जनसभा में यह बात कही। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार की राजश्री योजना में बेटी को लक्ष्मी का रूप मानकर जन्म से लेकर लगातार सरकारी स्कूल में 12वीं कक्षा पास करने तक उसे 50 हजार रुपए दिए जा रहे हैं। इसके अलावा साईकिल, स्कूटी, लैपटॉप, छात्रवृत्ति, स्कूल दूर तो आने-जाने के लिए वाउचर, श्रमिक कार्डधारी है तो विवाह के लिए 55 हजार रुपए देकर महिला को सशक्त करने का काम किया जा रहा है।

news of rajasthan
Image: अनूपगढ़ विधानसभा क्षेत्र में जनसभा से पहले महिलाओं से मुख़ातिब होती हुई मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे.

करीब 1 करोड़ पात्र परिवार की महिलाओं को स्मार्टफोन देगी सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को घर का मुखिया बनाने के लिए हमने भामाशाह योजना शुरू की। महिला परित्यक्ता, विधवा, दिव्यांग और वृद्धा है तो उसे पेंशन दी जा रही है। पालनहार योजना में बच्चों को पालने के लिए 1 हजार रुपए तक प्रति बच्चा हर माह दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारी बेटियों की तरफ कोई आंख उठाकर न देखे इसलिए हमने 12 साल से कम उम्र की बच्ची से दुष्कर्म करने पर फांसी की सजा का कानून बनाया। राज्य में यह कानून लागू होने के बाद अब तक 3 आरोपियों को सजा सुना दी गई है। वसुंधरा राजे ने कहा कि हमारी बहनों के हाथ में स्मार्टफोन हो और निजी उपयोग के साथ-साथ उन्हें सरकारी योजनाओं से मिल रहे लाभ की जानकारी भी आसानी से मिल सके। इस पवित्र उद्देश्य को लेकर हमारी सरकार करीब 1 करोड़ पात्र परिवार की महिलाओं को स्मार्टफोन के लिए 1 हजार रुपए देगी।

राजे ने की घड़साना ग्राम पंचायत को नगरपालिका बनाने की घोषणा

मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने अनूपगढ़ में आयोजित जनसभा के दौरान स्थानीय लोगों की मांग पर घड़साना ग्राम पंचायत को नगर पालिका बनाने की घोषणा की। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री ने पिछले कार्यकाल में भी घड़साना को नगरपालिका घोषित किया था, लेकिन उसके बाद आई कांग्रेस सरकार ने घड़साना को पुनः ग्राम पंचायत बना दिया था। अब घड़साना को एक बार फिर नगरपालिका बनाए जाने पर यहां के निवासियों की लम्बे समय से चली आ रही मांग पूरी हो जाएगी।

Read More: मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के निर्देश पर बीकानेर के आवासीय क्षेत्र निगम को हस्तांतरित

पोंग बांध विस्थापितों की समस्याओं का शीघ्र होगा निस्तारण

मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा कि पोंग बांध विस्थापितों की समस्याओं को दूर करने के लिए हमारी सरकार पूरे प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि पोंग विस्थापितों के 6-ए के प्रकरणों का जल्द से जल्द निस्तारण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए, जयपुर में आज हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से प्रदेश के मुख्य सचिव एवं राजस्व सचिव की बैठक हुई है।