news of rajasthan
Gehlot Govt ministers take bundles of notes on TV, see the whole country: CM Raje.

राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा कि कांग्रेस की अशोक गहलोत सरकार इतिहास की सबसे भ्रष्टतम सरकार थी जिसमें उनके तीन-तीन मंत्रियों को टीवी पर नोटों के बंडल लेते हुए पूरे देश ने देखा था और आज वो ही हम पर आरोप लगा रहे हैं, लेकिन हम ऐसे झूठे आरोपों की नहीं, प्रदेश की जनता की परवाह करते हैं। सीएम राजे ने गहलोत पर पलटवार करते हुए कहा कि हम काम करने में विश्वास करते हैं, जो हमने इन साढ़े चार सालों में करके भी दिखाया है। उन्होंने कहा कि इतना काम तो कांग्रेस अपने पूरे 50 साल में भी नहीं कर पाई। मुख्यमंत्री ने अपनी कोटा संभाग की गौरव यात्रा के दौरान सोमवार को केशवरायपाटन, हिण्डौली और बूंदी में जनसभाओं को संबोधित करते हुए यह बात कही।

news of rajasthan
Image: मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे.

महिला को परिवार का मुखिया बनाया तो कांग्रेस को हो गई प्रोब्लम

सीएम राजे ने कहा कि हमने भामाशाह कार्ड के माध्यम से महिला को परिवार का मुखिया बनाया तो कांग्रेस को प्रोब्लम हो गई। महिलाओं के खातों में सरकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत पैसा जमा कराया तो प्रोब्लम हो गई। हमने महिलाओं को आत्म निर्भर, स्वावलम्बी और आर्थिक रूप से सशक्त बनाया तो इन्हें प्रोब्लम हो गई। क्या भामाशाह योजना के माध्यम से भ्रष्टाचार के रास्ते बंद करना सही नहीं है। सच्चाई तो यह है कि इनको महिलाओं की तरक्की पसंद नहीं है। इसलिए महिलाओं को समर्पित हमारी योजनाओं का वह विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर गहलोत को शिकायत थी तो उन्होंने विधानसभा में क्यों जनता की आवाज नहीं उठाई। उनके मुख्यमंत्री रहते हुए गहलोत दो बार विपक्ष में रहे। लेकिन एक बार भी विधानसभा में एक शब्द भी नहीं बोले। उन्होंने कहा कि अगर उन्हें जनता की चिंता थी तो पांच साल तक कहां गायब रहे।विधानसभा में आते। वहां बोलते। लेकिन वहां तो एक बार भी मुंह नहीं खोला। अब चुनाव आ गए तो तीन महीने पहले अचानक निकल कर आ गये और आज ही आज गहलोत को प्रोब्लम दिखाई देने लगी।

कांग्रेस सरकार ने जयपुर में बैठकर पूरे 5 साल निकाल दिये

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी कांग्रेस सरकार ने जयपुर में बैठकर पूरे 5 साल निकाल दिये। लेकिन हमारी सरकार ऐसी नहीं है। वह जनता के बीच जाकर जनता की बात सुनकर उनकी वाजिब मांगों को जमीन पर लाने की कोशिश करती है। राशन के सामान की कालाबाजारी अब रूक गई है। सीएम राजे ने कहा कि करीब साढ़े तीन लाख सरकारी नौकरियां निकाली है जिनमें से 2 लाख लोगों को नौकरी मिल चुकी है और डेढ़ लाख के लिए प्रक्रिया जारी है। करीब 15 लाख लोगों को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए हैं। साढ़े 44 लाख लोगों को रोजगार के लिए मुद्रा योजना में लोन दिया है। किसानों का 50 हजार तक का कर्जा माफ किया है। जिससे प्रदेश के करीब 30 लाख किसानों को बड़ी राहत मिली है।

Read More: कांग्रेस ने सिर्फ राजनीति की, हमने परवान चढ़ाई परवन: मुख्यमंत्री राजे

केशवराय पाटन क्षेत्र में 1500 करोड़ के विकास कार्य

सीएम राजे ने कहा कि केशवराय पाटन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि केशवराय पाटन विधानसभा क्षेत्र में हमारी सरकार ने पिछले साढ़े चार साल में करीब 1500 करोड़ रुपए के विकास कार्य करवाए गए हैं। इनमें से 1120 करोड़ रुपए सड़कों के विकास पर खर्च हुए हैं। उन्होंने कहा कि करीब 110 करोड़ रुपए की लागत से झालीजी का बराना पेयजल योजना से 72 गांवों के 1 लाख लोगों को पानी मिलेगा। करीब 74 करोड़ रुपए की लागत से चाकन बांध से इन्द्रगढ़ पेयजल परियोजना का आधे से ज्यादा काम पूरा हो गया है और इस साल के अंत तक इससे क्षेत्र के 51 गांवों के करीब 73 हजार लोगों को पेयजल उपलब्ध होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि करीब 68 करोड़ रुपए की लागत से गेंडोली लिफ्ट परियोजना का काम हमने शुरू किया है। सीएम राजे ने कहा कि 100 करोड़ रुपए की लागत से 141 नहरों को पक्का कराने का काम हमारी सरकार ने किया है। उन्होंने कहा कि माछली लघु सिंचाई परियोजना दिसंबर 2018 तक पूरी हो जाएगी। इसके अलावा चाकन लघु सिंचाई परियोजना मार्च 2019 तक पूरी होगी और इससे खेती के लिए पर्याप्त पानी मिल सकेगा।