news of rajasthan
Gangapur City will start getting chambal water from this month: CM Raje.

राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा कि हमारी सरकार प्रदेश के सभी हिस्सों में पेयजल और सिंचाई के लिए समुचित पानी उपलब्ध कराने के लिए कई परियोजनाओं पर काम कर रही है। इनके माध्यम से पेयजल संकट वाले कई क्षेत्रों में पीने का स्वच्छ पानी उपलब्ध करा दिया गया है। सीएम राजे ने कहा कि वर्ष 2005 में शुरू हुई चम्बल-सवाईमाधोपुर-नादौती पेयजल परियोजना से अब गंगापुर सिटी शहर को भी जल्द पानी उपलब्ध होगा। मुख्यमंत्री ने अपने तीन दिवसीय सवाई माधोपुर जिले के दौरे के अंतिम दिन शुक्रवार को गंगापु​र सिटी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में यह बात कही।

news of rajasthan
Image: शुक्रवार को गंगापु​र सिटी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे.

13 वर्ष पहले शुरू की गई लिफ्ट परियोजना को हमारी सरकार ने किया पुनर्जीवित

सीएम राजे ने जनसंवाद के दौरान क्षेत्र के लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि 13 वर्ष पहले शुरू की गई इस लिफ्ट परियोजना को हमारी सरकार ने पुनर्जीवित किया है। प्रमुख शासन सचिव जल संसाधन रजत कुमार मिश्र ने बताया कि परियोजना का काम तेजी से चल रहा है और मंडरायल तक चम्बल का पानी पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि 15 से 20 दिन में गंगापुर सिटी तक चम्बल का पानी पहुंच जाएगा जिससे क्षेत्र में प्रतिदिन 50 लाख लीटर अतिरिक्त पेयजल की आपूर्ति हो सकेगी।

मुख्यमंत्री राजे ने बीसलपुर-बौंली जल परियोजना का किया अवलोकन

सीएम राजे ने बीसलपुर जल परियोजना के तहत 19 करोड़ 71 लाख रूपए की लागत से निर्मित बौंली स्थित पम्पिंग स्टेशन का शुक्रवार को अवलोकन किया। इस परियोजना में 28 मई 2017 को बौंली क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति शुरू हो गयी थी। मुख्यमंत्री का यहां पहुंचने पर ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं ने उत्साह के साथ स्वागत किया और लम्बे समय से चल रही पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए आभार व्यक्त किया।

Read More: बामनवास की सभी 61 पंचायतों में उच्च माध्यमिक विद्यालय इस वर्ष के अंत तक

सीएम राजे ने कहा कि क्षेत्र के लोगों की गम्भीर पेयजल समस्या का समाधान करने के लिए हमने गम्भीर प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि इसके लिए जलदाय विभाग के अधिकारी धन्यवाद के पात्र हैं। इस दौरान सांसद सुखबीर सिंह जौनापुरिया, विधायक कुंजीलाल मीणा, जलदाय विभाग के प्रमुख शासन सचिव रजत मिश्र सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।