news of rajasthan
Image: राजेन्द्र राठौड़.

2019 के लोकसभा चुनाव में अब तीन महीने से भी कम समय शेष रह गया है। देश में 17वीं लोकसभा के लिए अप्रैल-मई माह में आम चुनाव प्रस्तावित है। राजस्थान में दिसम्बर 2018 में विधानसभा चुनाव हुए हैं, इसके बाद अब लोकसभा चुनाव की तैयारी परवान पर है। प्रदेश की सत्ता में हुए परिवर्तन के बाद अब भाजपा आगामी चुनाव की तैयारियों में पूरे जी-जान से जुटी हुयी है। लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं में नया उत्साह देखने को मिल रहा है। लोकसभा चुनाव में प्रत्याशियों के चयन के लिए पार्टी प्रत्येक संसदीय क्षेत्र में बैठक कर संगठन पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से फीडबैक​ ले रही है। इसके आधार पर ही प्रत्याशियों को टिकट वितरण किए जाएंगे।

बैठक में लोकसभा चुनाव की तैयारियों पर हुई चर्चा

आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर उदयपुर संसदीय क्षेत्र के भाजपा पदाधिकारियों की बैठक मंगलवार को विधानसभा में प्रतिपक्ष के उप नेता राजेन्द्र राठौड़ की मौजूदगी में हुई। भाजपा के शहर जिलाध्यक्ष एवं लोकसभा चुनाव संयोजक रवीन्द्र श्रीमाली ने बताया कि भुवाणा के महाप्रज्ञ विहार में आज सुबह 10.30 बजे बैठक शुरू हुई। संसदीय क्षेत्र उदयपुर की इस बैठक में प्रमुख रूप से लोकसभा चुनाव की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में आठ विधानसभा क्षेत्रों के पदाधिकारियों सहित प्रदेश उपाध्यक्ष चुन्नीलाल गरासिया और लोकसभा प्रभारी सुशील कटारा भी शामिल हुए।

Read More: प्रदेश में हार्डकोर अपराधियों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त होंगे, राजस्थान पुलिस चलाएगी अभियान

राठौड़ ने भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से लिया फीडबैक

बैठक के पहले सत्र में पूर्व मंत्री राजेन्द्र राठौड़ ने आगामी चुनाव की तैयारियों की जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने प्रदेश पदाधिकारी, लोकसभा संयोजक-प्रभारी, वर्तमान सांसद-विधायक, पूर्व सांसद-विधायक, जिलाध्यक्ष, पूर्व जिलाध्यक्ष, लोक सभा विस्तारक और विस्तारक प्रभारी से व्यक्तिगत चर्चा कर टिकट के दावेदारों के नाम का फीडबैक लिया। बता दें, लोकसभा चुनाव को लेकर लगभग सभी राजनीतिक पार्टियां अपनी रणनीति पहले ही बना चुकी है। राजनीतिक दलों ने चुनाव में जीत के लिए अपनी रणनीतियों पर काम करना भी शुरू कर दिया है। राजस्थान में ​पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे स्टार प्रचारकों में से एक होगी। भाजपा हाईकमान ने हाल ही में उन्हें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया है। लंबे राजनीतिक अनुभव के कारण वे इस जिम्मेदारी को बखूबी निभाएंगी।