अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे को जन्मदिन की शुभकामनाएं प्रेषित करने वालों का तांता लगा रहा। महिला दिवस के दिन महिला शक्ति की प्रतीक राजे का जन्मदिन हर वर्ष बड़ी धूमधाम से मनाया जाता रहा है। लेकिन इस वर्ष पुलवामा में हुए आतंकी हमले के बाद राजे ने शहीद जवानों की याद में अपना जन्मदिन नहीं मनाने का निर्णय लेकर उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि दी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत तमाम केन्द्रीय मंत्रियों, नेताओं, पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ आम लोगों ने राजे को जन्मदिन की बधाई सोशल मीडिया के माध्यम से दी।

इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री व जयपुर ग्रामीण लोकसभा सांसद राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को बेहद अलग अंदाज में शुभकामनाएं दी। राठौड़ ने ट्वीट करते हुए कहा कि ”राजस्थान की प्रथम महिला मुख्यमंत्री के रूप में आपने नारी शक्ति के सशक्त नेतृत्व की मिसाल कायम की है। वहीं, शहीद जवानों की याद में अपना जन्मदिन नहीं मनाने का निर्णय, आपके देशप्रेम को दर्शाता है। मैं ईश्वर से आपके स्वस्थ व मंगलमय जीवन की मनोकामना करता हूं।”

केन्द्रीय मंत्री राठौड़ के ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए वसुंधरा राजे ने कहा कि ”शुभकामनाओं के लिए आपका हार्दिक आभार। सेना का सम्मान हर भारतीय का परम कर्तव्य है।” गौरतलब है कि पुलवामा आतंकी हमले में राजस्थान के जवानों ने भी शहादत दी थी। वसुंधरा राजे हर शहीद के घर जाकर उनके शोक संतप्त परिजनों व वीरांगनाओं से मिली थी और उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा भी जताया था।