news of rajasthan
Fasting of BJP leaders on Thursday in Rajasthan.

कांग्रेस द्वारा लगातार संसद की कार्यवाही बाधित करने के विरोध में भाजपा नेता गुरुवार को राजस्थान समेत देशभर में उपवास पर रहे। राजस्थान के सभी जिलों में जिला कलेक्ट्रेट कार्यालयों पर अनशन किया गया। राजधानी जयपुर में भाजपा शहर व देहात की ओर से कलेक्ट्रेट सर्किल पर सामूहिक उपवास रखा गया। इसमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी, प्रदेश महामंत्री भजनलाल शर्मा, मंत्री अरुण चतुर्वेदी, जीतमल खाट, सांसद रामचरण बोहरा, विधायक मोहनलाल गुप्ता, नरपत सिंह राजवी, जगदीश मीणा, महापौर अशोक लाहोटी, जिला प्रमुख मूलचन्द मीणा, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष सुमन शर्मा, सहित पार्षद, पार्टी पदाधिकारियों ने भाग लिया।

news of rajasthan
Image: प्रदेशभर में भाजपा नेताओं का उपवास, कांग्रेस पर गृहमंत्री कटारिया ने साधा निशाना.

कांग्रेसी नेताओं ने लोकतंत्र का गला घोटने का अपराध किया: कटारिया

प्रदेशाध्यक्ष परनामी ने कांग्रेस के उपवास को ढोंग बताते हुए कहा की उपवास पर बैठने से पहले कांग्रेस को अपने द्वारा किए गए राजनैतिक पापों को भी देखना चाहिए और इन सब के लिए भी प्रायश्चित करना चाहिए। सांसद रामचरण बोहरा ने कहा की देश की संसद न चलने देना देश की 125 करोड़ जनता का अपमान है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में देश भर में सांसद अपने-अपने क्षेत्र मे सरकार की उपलब्धियों को को पहुंचाने के साथ विपक्ष की भूमिका को भी जनता के सामने रखेंगे। उदयपुर में गृहमंत्री गुलाबचन्द कटारिया के नेतृत्व में तथा सांसद अर्जुनलाल मीणा की मौजूदगी में भाजपा नेता उपवास पर बैठे। कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रतिनिधियों ने कांग्रेस पर लोकतंत्र का गला घोटने का आरोप लगाया। गृहमंत्री कटारिया ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने संसद को बंधक बना कर लोकतंत्र का गला घोटने का अपराध किया है। देश की जनता कांग्रेस को कभी माफ नहीं करेगी. कलेक्ट्रट के बाहर हुए इस प्रदर्शन में सैकड़ों बीजेपी कार्यकर्ता मौजूद रहे.

Read More: मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने सैन जयंती पर प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं

संसद में कांग्रेस के नेताओं द्वारा हंगामे के कारण 28 बिल अटके

प्रदेश के नागौर में उपवास पर बैठे केन्द्रीय राज्यमंत्री सीआर चौधरी कहा कि संसद में 28 बिल कांग्रेस की वजह से अटके पड़े हैं। उन्होंने कहा कि उनके खुद के मंत्रालय का उपभोक्ताओं से संबंधित बिल, व्हिसल ब्लोअर बिल जैसे महत्वपूर्ण बिल इनमें शामिल हैं। संसद के बजट सत्र में कांग्रेस और विपक्षी दलों ने दोनों सदनों में हंगामा किया और कार्यवाही नहीं चलने दी। मंत्री चौधरी ने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने लोकतंत्र का मज़ाक उड़ाया है। इसी के विरोध में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उपवास किया है। उदयपुर में कलेक्ट्रेट के बाहर अनशन पर बैठे भाजपा सांसद सुभाष बहेड़िया को आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी सुनील आगीवाल अपनी पार्टी के कुछ कार्यकर्ताओं के साथ राज्य सरकार द्वारा गौशालाओं का अनुदान बंद करने के मुद्दे पर ज्ञापन देने पहुंचे। इसी बीच ज्ञापन देने आए आप कार्यकर्ता और भाजपा कार्यकर्ताओं में धक्का-मुक्की भी हुई। लेकिन भाजपा के कुछ वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने बीच-बचाव कर आप कार्यकर्ताओं को भेजा।