news of rajasthan
Dr Kirori Lal Meena has been a true worker of BJP: CM Raje.

राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनाव से पहले पार्टी को और मजबूत करने की दिशा में काम करती दिख रही है। दरअसल, रविवार को सीएम राजे के प्रयासों से प्रदेश भाजपा मुख्यालय में नेशनल पीपुल्स पार्टी (राजपा) का भारतीय जनता पार्टी में विलय हुआ। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी ने राजपा के अध्यक्ष एवं विधायक डॉ. किरोड़ीलाल मीणा, विधायक गोलमा देवी एवं विधायक गीता वर्मा को भाजपा की सदस्यता ग्रहण करवायी। उनके साथ ही राजपा के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री राजे ने कहा कि आज मेरा एक सक्षम भाई यानि डॉ. किरोड़ीलाल मीणा वापस पार्टी में आया है। उन्होंने कहा कि डॉ. मीणा एक सक्षम नेता और एक मजबूत कार्यकर्ता हैं, जिनके आने से पार्टी को और मजबूती मिलेगी।

news of rajasthan
Image: सीएम राजे की मौजूदगी में विधायक डॉ. किरोड़ीलाल मीणा, गोलमा देवी एवं गीता वर्मा को भाजपा की सदस्यता ग्रहण की.

डॉ. मीणा के भाजपा में शामिल होने से कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में खुशी का भाव

सीएम राजे ने कहा कि डॉ. किरोड़ीलाल मीणा के भाजपा में शामिल होने से पार्टी के हर कार्यकर्ता और पदाधिकारी में खुशी का भाव है। उनके आने से सभी में एक नया उत्साह है। उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों में हम सब एकजुट होकर काम करेंगे और प्रदेश तथा देश में फिर भाजपा की सरकार बनाएंगे। मुख्यमंत्री राजे ने कहा कि डॉ. मीणा के सच्चे कार्यकर्ता रहे हैं। वे हमारे ही परिवार का हिस्सा हैं, किन्हीं गलतफहमियों से कुछ समय के लिए वे हमसे दूर हो गए थे, लेकिन समान विचारधारा के चलते हम ज्यादा दिन दूर नहीं रह सकते थे। आज मुझे खुशी है कि वे फिर अपने पुराने घर में लौट आए हैं। प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता पार्टी के विचारों को आत्मसात करके चलता है, इसलिए वह कभी भी विचाराधारा से अलग नहीं हो पाता है। हमारे बीच मतभेद हो सकते हैं, लेकिन मनभेद कभी नहीं होते। इसी का परिणाम है कि आज हमारे परिवार में डॉ. किरोड़ीलाल मीणा की वापसी हुई है।

Read More: डॉ. किरोड़ी मीणा एक बार फिर बीजेपी में शामिल, राजपा का हुआ विलय

दस साल भाजपा से दूर रहा, कभी नहीं भटका भाजपा की विचारधारा से: डॉ. मीणा

लालसोट विधायक डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने कहा कि मैं दस साल भाजपा से दूर रहा, लेकिन कभी भी भाजपा की विचारधारा से नहीं भटका। आज घर वापसी से मेरा सपना पूरा हुआ है। मैं समर्पित होकर एक आम कार्यकर्ता की तरह पार्टी की मजबूती के लिए काम करूंगा। दस साल पार्टी से बाहर रहकर मुझसे जो गलती हुई है, उसकी भरपाई करने की हरसम्भव कोशिश करूंगा। उन्होंने कहा कि पार्टी से दस साल दूर रहने के दौरान मेरे आचरण और व्यवहार से सीएम राजे को किसी भी तरह की ठेस पहुंची हो तो मैं इसके लिए दिल से क्षमा मांगता हूं। आशा करता हूं कि मुख्यमंत्री एक छोटे बच्चे की गलती की तरह मेरी गलती को माफ कर देंगी। डॉ. किरोड़ीलाल मीणा की पत्नी और विधायक गोलमा देवी ने कहा कि बहुत खुशी की बात है कि हम फिर अपने पुराने घर में आ गए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जो सम्मान दिया है, उसके लिए वे तहेदिल से आभारी हैं।