news of rajasthan
cp-joshi-supporter-demand-to-declared-rajasthan-congress-cm-candidate.

राजस्थान कांग्रेस का गृह कलेश रुकने का नाम नहीं ले रहा है। एक ओर जहां चुनाव नजदीक आते ही राजस्थान भाजपा अपनी तैयारियों में जी-जान से जुटी हुई है वहीं, दूसरी ओर कांग्रेस के नेता सीएम दावेदारी को लेकर आपस में उलझे पड़े नज़र आ रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बाद अब सीपी जोशी के समर्थकों ने भी उन्हें मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाने के लिए आवाज उठाना शुरू कर दिया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और मेवाड़ के बड़े नेता सीपी जोशी ने हाल ही में अपने जन्म दिवस के अवसर पर नए मतदाताओं की नब्ज टटोलने की कोशिश की। जन्मदिन के मौके पर गृहक्षेत्र नाथद्वारा में सीपी जोशी ने नव मतदाताओं के साथ संवाद किया और कांग्रेस को कैसे मजबूत बनाया जाए, इसके लिए युवाओं से सुझाव भी लिए।

news of rajasthan
Image: राजस्थान कांग्रेस नेता सचिन पायलट, अशोक गहलोत और सीपी जोशी. (PC-DNA)

कार्यकर्ताओं की जोशी को मुख्यमंत्री बनाने की मांग से पार्टी में बढ़ी हलचल

कांग्रेस नेता सीपी जोशी का यह कार्यक्रम राजनीतिक मायनों में भी खासा महत्वपूर्ण था। कार्यक्रम के दौरान नाथद्वारा में पिछले लंबे समय से कांग्रेस की हार के कारणों को तलाशने की कोशिश की गई। क्षेत्र के नव मतदाताओं से संवाद के दौरान युवाओं ने सीपी जोशी से सीधी बात की और सवालों को उनके सामने रखा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सीपी जोशी को मुख्यमंत्री बनाने की मांग को लेकर प्रदेश कांग्रेस में हलचल पैदा कर दी है। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने सीपी जोशी को मुख्यमंत्री पद का दावेदार बनाने लिए जमकर नारे लगाए। उनका कहना है कि जोशी के मुख्यमंत्री बनने से मेवाड़ का सही मायनों में विकास हो सकेगा।

Read More: हनुमानगढ़ में साढ़े चार साल में करवाए 4,600 करोड़ लागत के ​विकास कार्य: सीएम राजे

कांग्रेस के मुख्यमंत्री पद के प्रमुख दावेदारों में से एक होंगे सीपी जोशी!

संवाद कार्यक्रम के जरिए सीपी जोशी आने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की विचारधारा समझा कर उन्हें अपनी पार्टी से जोड़ने की कोशिश करते रहे। जोशी ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को भाजपा से लड़ने के लिए आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल करना होगा। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा की एके47 से लड़ाई लड़नी है तो कांग्रेस को अपनी 12 बोर की बंदूक छोड़नी पड़ेगी। जोशी ने राजस्थान के हर क्षेत्र में जाकर कांग्रेस को मजबूत करने के लिए कार्यक्रम करने का आह्वान किया। जोशी का यह अंदाज साफ बता रहा है कि आने वाले चुनाव में वो भी कांग्रेस के मुख्यमंत्री पद के प्रमुख दावेदारों चेहरों में से एक होंगे।