जयपुर। राजस्थान में कोरोना वायरस के पॉजिटिव मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती ही जा रही हैं। प्रदेश में कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या 129 पहुंच गई है। जिसमें गुरुवार सुबह 9 नए मामले सामने आए। इनमें 7 जयपुर परकोटे के रामगंज से, 1 जोधपुर और 1 झुंझुनू (तब्लीगी जमात) से है। वहीं अलवर में भर्ती एक 85 साल के बुजुर्ग की एसएमएस अस्पताल में मौत हो गई।  राज्य में संक्रमण के चलते तीसरी मौत है। इससे पहले भीलवाड़ा में दो लोगों की मौत हुई थी। जयपुर में बुधवार को कोरोना वायरस के एक साथ 13 पॉजिटिव मरीज पाए गए। जबकि राजस्थान में तबलीगी जमात के 12 पोजिटिव मिले हैं।  अब प्रदेश में सबसे ज्यादा कोरोना पॉजिटिव मरीज जयपुर में हो गए हैं। जयपुर के रामगंज इलाके में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की बढ़ती संख्या के बाद में शहर के चारदीवारी क्षेत्र में पहले ही कर्फ्यू लगाया दिया गया था। वहीं उसके बाद मंगलवार शाम को चारदीवारी क्षेत्र को पूरी तरह से सील कर दिया गया है।

रामगंज इलाके से हैं ये सभी पॉजिटिव

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के एसीएस रोहित कुमार सिंह के अनुसार ये 13 नए पॉजिटिव केस जयपुर के रामगंज इलाके में पाए गए हैं। ये लोग पूर्व में इस इलाके में पॉजिटिव पाए गए विदेश से आए युवक के संपर्क के ही हैं। इन्हें आरयूएचएस और निम्स में आइसोलेशन में रखा गया था। इसके साथ ही अब प्रदेश में कोरोना पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा 89 पर पहुंच गया है।


हालात गंभीर, लेकिन नियंत्रण में- मुख्य सचिव

कोरोना संकट पर प्रदेश के मुख्य सचिव डीबी गुप्ता ने कहा है कि हालात गंभीर, लेकिन नियंत्रण में हैं। भीलवाड़ा में कोरोना पॉजिटिव मामले अगर नहीं बढ़ते हैं और जो मरीज पॉजिटिव है वे लगातार क्योर होते हैं तो स्थिति पर काबू पाया जा सकता है।  गुप्ता के अनुसार जयपुर के रामगंज में लगातार पॉजिटिव मामले आने से स्थिति गंभीर हो गई है। जयपुर में भी भीलवाड़ा की स्ट्रेटेजी अपनाई जा रही है। राजधानी के परकोटा क्षेत्र में कर्फ्यू का कठोरता से पालन हो रहा है।

चूरू के सरदारशहर में लगा कर्फ्यू
चूरू के सरदारशहर और राजलदेसर में क्वारैंटाइन किए गए 17 लोगों में सात लोगों की कोरोना पॉजिटिव होने की सूचना के बाद प्रदेशभर में हड़कंप मच गया। चूरू में एक साथ 7 कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद चूरू के सरदारशहर में कर्फ्यू लगा दिया गया है। चूरू में इसलिए कर्फ्यू लगाया गया, क्योंकि सरदारशहर क्वारेंटाइन किए 9 लोग चूरू में 13 दिन रूके थे।

लॉकडाउन में सख्ती : अब तक 3668 वाहन जब्त
कोरोनावायरस के प्रकोप के कारण पूरा देश लॉक डाउन चल रहा है। ऐसे में लोग बार-बार उल्लंघन कर रहे हैं। जयपुर शहर में लगातार कोरोना पॉजिटिव की संख्या बढ़ने के कारण पुलिस ने बुधवार को सख्ती शुरू कर दी। बुधवार को पुलिस ने जयपुर शहर में 514 वाहन जब्त कर लिए। पुलिस अब तक 3668 वाहन जब्त कर चुकी है।