news of rajasthan
Congress is just politics, we have completed the Parwan project: Chief Minister Raje.

राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा कि कांग्रेस ने परवन परियोजना के नाम पर सिर्फ राजनीति की और लोगों को छलने का काम किया है। मुख्यमंत्री राजे ने कहा कि हाड़ौती के एक बड़े भू-भाग को सरसब्ज करने वाली इस महत्वपूर्ण परियोजना के नाम पर कांग्रेस ने सिर्फ पत्थर लगाने का काम किया जबकि हमारी सरकार ने करीब 8 हजार करोड़ रुपए की इस परियोजना पर काम करके दिखाया है। मुख्यमंत्री ने अटरू, छीपाबड़ौद और समरानियां में विशाल जनसभाओं को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि परवन परियोजना के जरिए राज्य सरकार ने 3 लाख 
85 हजार हेक्टेयर भूमि को सिंचित करने तथा 56 गांवों को पेयजल उपलब्ध कराने की योजना बनाई है। इसी प्रकार ल्हासी नदी सिंचाई परियोजना और कछावन पेयजल परियोजना का लाभ भी इस क्षेत्र को मिला है।

news of rajasthan
Image: कोटा संभाग में राजस्थान गौरव यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे.

कांग्रेस ने अपने राज में बारां की सिर्फ उपेक्षा की

मुख्यमंत्री राजे ने कहा कि कांग्रेस के शासन में बारां जिला उपेक्षित रहा। जबकि हमारी सरकार ने बारां की बाढ़ की समस्या हो या अटरू में पेयजल की समस्या, सभी का स्थाई निराकरण किया है। बारां के जिला अस्पताल में सुविधाओं का विस्तार किया है, कोटा से धरनावदा सड़क का नवनिर्माण करवाया गया है। मुख्यमंत्री ने समरानियां की सभा में कहा कि किशनगंज विधानसभा क्षेत्र में पिछले साढ़े चार साल में विकास में कोई कमी नहीं रखी गई है। यहां सड़क, बिजली, स्कूल, पेयजल के क्षेत्र में कई काम हुए हैं। उन्होंने कहा कि परवन परियोजना से किशनगंज क्षेत्र के कई गांवों को पानी मिलेगा। राजे ने कहा कि किशनगंज और मामूनी में 132 केवी के जीएसएस स्थापित कर दिए हैं। 40 करोड़ रुपए की लागत से इस क्षेत्र में अहमदी बांध परियोजना तैयार हो गई है, जल्द ही किशनगंज क्षेत्र के लोगों को इससे पानी मिलेगा।

एनएच-77 की मरम्मत के लिए केन्द्रीय मंत्री से किया आग्रह

मुख्यमंत्री राजे ने कहा कि शिवपुरी से बारां तक आने वाले नेशनल हाईवे-77 की मरम्मत के लिए मैंने केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी से आग्रह किया है और इसका काम बारिश का मौसम खत्म होते ही शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में 30 मार्च 2019 तक एक भी ढाणी ऐसी नहीं होगी, जहां बिजली का कनेक्शन नहीं पहुंचा हो। उन्होंने कहा कि मां-बाड़ी योजना में 17 स्कूल खोले गए हैं, जिसमें जनजातीय क्षेत्र के बच्चों को पढ़ाई का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने समरानियां में भव्य नई कृषि मंड़ी बनाई है।

पेट्रोल-डीजल की दर घटाने वाला राजस्थान देश का पहला राज्य

राजे ने कहा कि राजस्थान देश का एक मात्र राज्य है, जिसने पेट्रोल-डीजल की कीमतों में राहत देने के लिए वैट दरों में 4 प्रतिशत की कमी की है। इससे प्रदेश में पेट्रोल-डीजल की दर 2.50 रुपए तक कम हो गई है। उन्होंने कहा कि इस निर्णय का उद्देश्य प्रदेश के किसानों और आमजन को राहत देना है। मुख्यमंत्री राजे ने कहा कि प्रदेश में पहली बार 30 लाख किसानों के 50 हजार तक के ऋण माफ करने की ऐतिहासिक योजना हमारी सरकार ने लागू की है। हमारी सरकार ने किसानों के लिए बिजली की दरें नहीं बढ़ाई। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में कभी 26वें स्थान पर रहने वाला राजस्थान आज देश में दूसरे स्थान पर है। राज्य में 6 हजार से अधिक विद्यालय एक साथ क्रमोन्नत किए गए हैं जिससे शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही राज्य में 7 मेडिकल कॉलेज खोले गए हैं जिससे अब भविष्य में चिकित्सकों की कमी नहीं रहेगी। राजे ने कहा कि भामाशाह योजना के तहत महिलाओं को परिवार की मुखिया बनाकर सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे ही बैंक खातों में पहुंचाया जा रहा है। राजश्री योजना, स्कूटी, साइकिल, लैपटॉप वितरण सहित अन्य योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को सशक्त किया गया है।

Read More: हमारी सरकार में विकास नहीं रूकता, हम जनता के विश्वास पर खरा उतरते हैं: सीएम राजे

अंधेरी नदी पर बनेगी पुलिया, रेणुका नदी पर एनिकट का होगा निर्माण

मुख्यमंत्री राजे ने छीपाबड़ौद की सभा में नये विकास कार्यों की घोषणा की। उन्होंने कहा कि अंधेरी नदी पर 80 लाख रुपए की लागत से सड़क पुलिया निर्माण और रेणुका नदी पर 90 लाख रुपए की लागत से एनिकट का निर्माण किया जाएगा। साथ ही सहजनपुर क्षेत्र में सिंदौरिया पेयजल परियोजना को परवन परियोजना से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कलमादिया में 33 केवी के नए ग्रिड सब स्टेशन और डोलम चौराहे पर पहले से स्वीकृत ग्रिड सब स्टेशन के लिए भूमि आवंटन यथाशीघ्र करने की भी घोषणा की। राजे ने कहा कि गोरधनपुरा से तुंगा तक 1.5 किलोमीटर लंबी सड़क को राष्ट्रीय राजमार्ग में शामिल कर लिया जाएगा।