news of rajasthan
उप राष्ट्रपति वेंकैया नायडू का जयपुर एयरपोर्ट पर स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे
news of rajasthan
उप राष्ट्रपति वेंकैया नायडू का जयपुर एयरपोर्ट पर स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे

उप राष्ट्रपति वेंकैया नायडू आज राजधानी जयपुर पहुंचे जहां मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने जयपुर एयरपोर्ट पर उनका पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। उपराष्ट्रपति एम.वेंकैया नायडू दो दिवसीय राजस्थान यात्रा पर आज जयपुर पहुंचे हैं। यहां उन्होंने मालवीय नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (MNIT) के 12वें दीक्षांत समारोह में शिरकत की। नायडू रविवार को वनस्थली विद्यापीठ में आयोजित 34वें दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि भाग लेंगे। मुख्यमंत्री के अलावा सांसद रामचरण बोहरा, महापौर अशोक लाहोटी, मुख्य सचिव निहालचंद गोयल, प्रमुख शासन सचिव सामान्य प्रशासन विभाग पवन गोयल, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एन.आर.के. रेड्डी सहित अन्य गणमान्यजनों ने भी गुलदस्ते भेंट कर उप राष्ट्रपति का स्वागत किया। इसके बाद नायडू राजभवन पहुंचे जहां उन्हें गार्ड आफ ऑनर दिया गया।

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार उप राष्ट्रपति वेंकैया नायडू रविवार को हेलिकॉप्टर से जयपुर से प्रस्थान कर सुबह 9:50 बजे वनस्थली हवाई क्षेत्र ‘मारुत मैदान’ पहुंचेंगे। उनके साथ सामाजिक न्याय एवं आधिकारिता मंत्री अरुण चतुर्वेदी तथा क्षेत्र के सांसद सुखबीर सिंह जौनापुरिया एवं अन्य पदाधिकारी होंगे। यहां वनस्थली के उपाध्यक्ष प्रो. सिद्धार्थ शास्त्री एवं कुलपति प्रो. आदित्य शास्त्री उनका स्वागत करेंगे।

सुबह 11 बजे दीक्षांत समारोह शुरू होगा। कार्यक्रम में विद्यापीठ के विभिन्न संकायों की कुल 3843 छात्राओं को विभिन्न उपाधियां एवं 99 छात्राओं को गोल्ड मेडल प्रदान किए जाएंगे। इसके बाद मुख्य अतिथि वनस्थली विद्यापीठ की मूल प्रेरणा शक्ति स्थल ‘श्री शांताबाई शिक्षा कुटीर’ व संस्थापकों के निवास स्थान ‘गांधी घर’ का अवलोकन करेंगे। बाद में वनस्थली सेवा दल की ओर से प्रस्तुत सेरिमोनियल परेड में शामिल होकर राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और परेड का निरीक्षण करेंगे। इस कार्यक्रम के बाद उप राष्ट्रपति वनस्थली एयरफील्ड से जयपुर के लिए रवाना होंगे।

read more: 28वां पश्चिमी राजस्थान उद्योग हस्तशिल्प उत्सव शुरू