news of rajasthan
मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे
news of rajasthan
मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे

राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे मंगलवार यानि आज से श्रीगंगानगर जिले के प्रवास पर रहेंगी। यह दौरा तीन दिवसीय होगा जिसमें मुख्यमंत्री राजे जनसंवाद कार्यक्रम के तहत आमजन से मुलाकात करेंगी तथा विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगी। उनका गुरुवार शाम तक जयपुर लौटने का कार्यक्रम प्रस्तावित है।

मुख्यमंत्री मंगलवार सुबह जयपुर से रवाना होकर श्रीगंगानगर जिले के सूरतगढ़ पहुंचेंगी, जहां वे विश्नोई समाज के सम्मान समारोह में भाग लेंगी। उसके बाद मुख्यमंत्री अमरपुरा जाटान में जनसंवाद कार्यक्रम के तहत क्षेत्र की जनता से रूबरू होंगी और विकास कार्यों पर आधारित प्रदर्शनी का शुभारम्भ करेंगी।

बुधवार को मुख्यमंत्री राजे श्रीगंगानगर में जनसंवाद, विकास कार्यों का अवलोकन एवं प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगी। शाम को जिलास्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक करेंगी।

गुरुवार को मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे जिला कलेक्ट्रेट में अन्नपूर्णा रसोई और आरओ प्लांट का उद्घाटन करेंगी तथा ओल्ड शुगर मिल में मिनी सचिवालय सहित अन्य विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण करेंगी। इसके बाद सादुलशहर में भी जनसंवाद और विकास कार्यों का अवलोकन करेंगी।

इससे पहले मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे सोमवार को भीलवाड़ा जिले का दौरा करके आई हैं। यहां उन्होंने देश की रक्षा में शहीद हुए गुर्जर समाज के वीरों को याद करते हुए कहा कि उनके योगदान को सदैव याद किया जाएगा। यहां उन्होंने सबसे पहले भगवान देवनारायण मंदिर में दर्शन किए तथा मालासेरी अमृत महाकुंभ के तहत लक्ष्मीनारायण महायज्ञ में आहूति दी। साथ ही गुर्जरों की आस्था के केंद्र एवं भगवान देवनारायण की जन्म स्थली मालासेरी डूंगरी में भगवान देवनारायण पैनोरमा की नींव रखी। जनसभा को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पैनोरमा से भगवान देवनारायण की चिरस्थायी स्मृति लोगों के जेहन में रहेगी।

प्रदेश में अब तक सौ करोड़ रुपए की लागत से 30 पैनोरमा का निर्माण किया जा रहा है। साथ ही 600 करोड़ रुपए की लागत से प्रदेश में मंदिरों का जीर्णोद्धार करवाया जा रहा है।