news of rajasthan
CM Vasundhara Raje inaugurates development works of worth Rs 111 crore in Bikaner.

राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे अपने दो दिवसीय बीकानेर दौरे के पहले दिन ​शुक्रवार को बीकानेर शहर पहुंची। बीकानेर पूर्व एवं पश्चिम विधानसभा क्षेत्रों के लोगों से जनसंवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने बीकानेर शहर को 111 करोड़ से ज्यादा की सौगातें दी। मुख्यमंत्री राजे ने जनसंवाद के दौरान बीकानेर शहर के लिए करीब 110 करोड़ रुपए लागत के विकास कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास किए। उन्होंने 20 करोड़ रुपए की लागत से पीबीएम मेडिकल कॉलेज में गर्ल्स हॉस्टल, 18 करोड़ 75 लाख रुपए की लागत के सिविल निर्माण कार्य, 1 करोड़ 75 लाख रुपए की लागत के विद्युत कार्यों, 5 करोड़ 87 लाख रुपए की लागत से बीकानेर केंद्रीय कारागार में महिला बंदी सुधारगृह के भवन निर्माण, 2 करोड़ रुपए की लागत से पीबीएम मेडिकल कॉलेज में नए जनाना अस्पताल, 60 लाख रुपए की लागत से महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय में सोलर ग्रीन कॉरिडोर के निर्माण कार्य का लोकार्पण किया।

news of rajasthan
Image: बीकानेर के नागणेची मंदिर में 1 करोड़ 23 लाख रुपए की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण करती हुई मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे.

45 करोड़ 12 लाख रुपए की लागत के इन कार्यों की सीएम ने रखी नींव

बीकानेर शहर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री राजे ने 45 करोड़ 12 लाख रुपए की लागत के बीकानेर शहर में आठ नए सिविल कार्यों, 12 करोड़ रुपए की लागत से महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय में दो नए अकादमिक भवनों के निर्माण, बीकानेर शहर में 2 करोड़ 96 लाख की लागत के विद्युत कार्यों तथा 1 करोड़ रुपए की लागत से राजकीय डूंगर महाविद्यालय में बास्केटबॉल और वॉलीबॉल कोर्ट के निर्माण कार्यों का शिलान्यास भी किया। मुख्यमंत्री राजे ने शहर के रवीन्द्र रंगमंच में बीकानेर पूर्व तथा बीकानेर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के लोगों से जनसंवाद के दौरान कहा कि भामाशाह, राजश्री और पालनहार जैसी योजनाओं के माध्यम से हमने प्रदेश की महिलाओं को सम्मान और सामाजिक सुरक्षा देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि बीकानेर पूर्व एवं पश्चिम विधानसभा क्षेत्रों में 1550 करोड़ रुपए के विकास कार्यों सहित पूरे जिले में करीब 10 हजार 700 करोड़ रुपए के विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं।

Read More: मुख्यमंत्री ने झालावाड़ में 94 करोड़ के विकास कार्यों का किया लोकार्पण और शिलान्यास

राजे ने नागणेची मंदिर में विकास कार्यों का किया लोकार्पण

मुख्यमंत्री राजे ने बीकानेर के नागणेची मंदिर में दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि तथा खुशहाली की कामना की। यहां उन्होंने पूजा-अर्चना की तथा साधु-संतों को शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया। राजे ने नागणेची जी मंदिर में लिफ्ट की सुविधा सहित 1 करोड़ 23 लाख रुपए की लागत से कराए गए विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर राज्यमंत्री देवस्थान विभाग राजकुमार रिणवा, राजस्थान राज्य धरोहर संरक्षण एवं प्रोन्नति प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।