news of rajasthan
CM Raje inaugurates development works worth Rs. 499 crores in Osian.

प्रदेश की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे अपनी राजस्थान गौरव यात्रा के तहत दूसरे चरण में जोधपुर संभाग की यात्रा कर रही है। जोधपुर संभाग में दूसरे दिन शनिवार को मुख्यमंत्री राजे ओसियां और शेरगढ़ विधानसभा क्षेत्र पहुंची। राजे ने ओसियां में जनसभा के दौरान 430 करोड़ रुपए की लागत वाली तिंवरी-मथानिया-ओसियां-भोपालगढ़ पेयजल परियोजना सहित करीब 499 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास किया। सीएम राजे ने कहा कि ओसियां की पावन भूमि से मैं सभी को विश्वास दिलाती हूं कि प्रत्येक राजस्थानी के जीवन में खुशहाली लाना ही हमारा प्रथम लक्ष्य है जिसे जनता जनार्दन के आशीर्वाद से हासिल करके रहेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने करीब 50 वर्षों के कार्यकाल में गरीबी व बेरोजगारी मिटाने के नाम पर केवल अपनी अलमारियां भरने का काम किया था। लेकिन हमने राजस्थान और प्रत्येक राजस्थानी का सम्मान करते हुए हर जाति व हर वर्ग को साथ लेकर चलने का काम किया है।

news of rajasthan
Image: ओसियां में मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को हल भेंट करते हुए भाजपा किसान मोर्चा के कार्यकर्ता.

लोक देवता पाबूजी के पेनोरमा का राजे ने किया लोकार्पण

इससे पहले मुख्यमंत्री राजे ने शुक्रवार को जोधपुर संभाग में रथ यात्रा के पहले दिन जोधपुर जिले की कोलू पाबूजी ग्राम पंचायत में लोक देवता पाबूजी के पेनोरमा का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने यहां जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि हमारी सरकार ने पेनोरमा निर्माण के माध्यम से सभी जाति एवं समाज के आराध्य लोक देवी-देवताओं तथा महापुरूषों की गौरव गाथाओं को संरक्षित करने का अभूतपूर्व काम किया है। पूरे प्रदेश में करीब 140 करोड़ की लागत से 46 पेनोरमा बनाये जा रहे हैं, जिनमें से कई पेनोरमा का काम तो पूरा भी हो चुका है।

news of rajasthan
image: लोक देवता पाबूजी के पेनोरमा का मुख्यमंत्री राजे ने लोकार्पण किया. 

मुख्यमंत्री ने कहा कि वीरता, गौसेवा, शरणागत की रक्षा तथा नारी सम्मान जैसे महान गुणों के कारण पाबूजी सभी समाज के लोगों के आराध्य हैं। उन्होंने कमजोरों को उनका हक दिलाने की लड़ाई लड़ी। गायों से भी उन्हें विशेष प्रेम था। पाबूजी की महिमा, उनके व्यक्तित्व तथा जन आस्था की कहानियों को संरक्षित करने के लिए हमारी सरकार ने पाबूजी के पेनोरमा का निर्माण कराया है। करीब 1.56 करोड़ रुपए की लागत से बने इस पेनोरमा से उनके जीवन दर्शन और सिद्धांतों से श्रद्धालु परिचित हो सकेंगे।

Read More: फलोदी की पहचान अब सोलर सिटी के नाम से होगी: मुख्यमंत्री राजे

हमने गोशालाओं के संरक्षण तथा विकास के लिए एक हजार करोड़ रुपए मंजूर किये

मुख्यमंत्री राजे ने कहा कि राजस्थान देश का पहला ऐसा राज्य है जिसने गोपालन विभाग स्थापित किया। उन्होंने कहा कि गोशालाओं के संरक्षण तथा विकास और गायों के चारे के लिए एक हजार करोड़ रुपए मंजूर किये हैं। साथ ही ऊंट को संरक्षित करने का भी काम किया। राजे ने इस अवसर पर पाबूजी की अश्व पर सवार आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया। गनमेटल से बनी यह प्रतिमा करीब 20 फीट ऊंची है।