news of rajasthan
CM Raje announced personal contribution of rs 1 lac to gajanand sharma.

पाकिस्तान की लाहौर जेल में 36 साल कैद रखकर 13 अगस्त को रिहा किए गए प्रदेश की राजधानी जयपुर के गजानंद शर्मा को मुख्यमंत्री की ओर से बड़ी मदद की घोषणा की गई है। बुधवार को बड़ी चौपड़ पर स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने गजानंद शर्मा के धैर्य और देश के प्रति जज्बे की प्रशंसा की। उन्होंने यहां ध्वजारोहण के बाद अपने संबोधन में कहा कि आज का दिन हमें स्वतंत्रता सेनानियों के महान बलिदान की याद दिलाते हुए राष्ट्र के प्रति सदैव समर्पित रहने की प्रेरणा देता है। पाकिस्तान से रिहा होकर 36 साल बाद जयपुर स्थित अपने घर लौटे 69 वर्षीय गजानंद शर्मा का अभिनंदन करते हुए सीएम राजे ने उन्हें अपनी ओर से 1 लाख रुपए देने की घोषणा की है। बता दें, गजानंद शर्मा समेत 30 भारतीय कैदियों को पाकिस्तान ने अपनी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एक दिन पहले यानि 13 अगस्त को रिहा किया था।

news of rajasthan
Image: 36 साल बाद पाकिस्तान जेल से लौटे गजानंद को 1 लाख रुपए देंगी मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे.

गजानंद के आत्मबल और उनके देश के प्रति जज्बे की करनी चाहिए सराहना

मुख्यमंत्री राजे ने भावुक होते हुए कहा कि चंद रुपए किसी व्यक्ति की 36 साल की तपस्या का मोल नहीं हो सकते। हमें गजानंद जी के आत्मबल और उनके देश के प्रति जज्बे की सराहना करनी चाहिए। जानकारी के लिए बता दें, पाकिस्तान की लाहौर सेंट्रल जेल से रिहा होने के बाद मंगलवार की शाम को 69 वर्षीय गजानंद शर्मा अपने घर जयपुर पहुंचे। पाकिस्तान जेल में 36 साल गुजारने के बाद घर लौटे गजानंद का बैंड बाजे के साथ जयपुर वासियों ने शानदार स्वागत किया। उनके स्वागत में घर-परिवार और नाते-रिश्तेदारों के साथ शहर के कई गणमान्य लोग भी पहुंचे। गजानंद शर्मा की पत्नी मखनी देवी भी इस मौके पर भावुक नज़र आईं।

Read More: राजस्थान में 22 अगस्त को मनाई जाएगी बकरीद, हिलाल कमेटी ने की घोषणा

पाकिस्तान जेल से 13 अगस्त को रिहा किए गए गजानंद अटारी-वाघा बॉर्डर से इंडिया पहुंच थे। इसके बाद वे पंजाब से राजस्थान की राजधानी जयपुर पहुंचे। जयपुर तक के सफर के दौरान गजानंद का कई जगह अभिनंदन किया गया। हनुमानगढ़ में विप्र फाउंडेशन की ओर से हनुमानगढ़ जंक्शन पर उनका स्वागत हुआ। इधर, जयपुर पहुंचने पर पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के संगठन महासचिव अशोक गहलोत ने भी गजानंद के परिवार को बधाई दी।