news of rajasthan
news of rajasthan
मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे, राजस्थान

जयपुर संभाग में मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे की गौरव यात्रा का आज 5वां दिन है। संभाग में आज राजस्थान गौरव यात्रा का अंतिम दिवस भी है। कल यात्रा की शुरुआत खेतड़ी से होकर अंतिम पड़ाव मण्डावा में रखा गया था। आज यात्रा का आरंभ मण्डावा से ही हो रहा है। आज की गौरव यात्रा का सफर मण्डावा से शुरु होकर पहले फतेहपुर, उसके बाद लक्ष्मणगढ़, रसीदपुरा व सीकर होते हुए खंडेला पर आकर समाप्त होगा। सोमवार के पूरे कार्यक्रम में 3 आम सभा और 3 स्वागत सभाएं प्रस्तावित हैं।

आज के कार्यक्रमों की प्रस्तावित सूची के अनुसार, गौरव यात्रा मण्डावा से शुरु होकर सबसे पहले फतेहपुर के लिए रवाना होगी। गौरव यात्रा का जिले में सुबह 11:30 बजे पहुंचने का कार्यक्रम है। यहां आज की पहली आम सभा रखी गई है। यहां से रवाना होकर दोपहर 1:00 बजे रथ यात्रा लक्ष्मणगढ़ पहुंचेगी। यहां भी एक आम सभा प्रस्तावित है जिसे मुख्यमंत्री राजे संबोधित करेंगी। इसके बाद यात्रा रसीदपुरा से होते हुए दोपहर 3:00 बजे सीकर जिले में पहुंचेगी। रसीदपुरा में स्वागत सभा और सीकर में आम सभा होनी है। यात्रा के अंतिम पड़ाव में राजस्थान गौरव यात्रा पहले पलसाना बाईपास और आखिर में शाम 6:00 बजे रींगस बाईपास पहुंचेगी। दोनों स्थानों पर स्वागत सभाओं का आयोजन रखा गया है।

news of rajasthan
राजस्थान गौरव यात्रा के कार्यक्रमों की प्रस्तावित सूची।

जयपुर संभाग की 5 दिवसीय राजस्थान गौरव यात्रा में कुल 500 किमी. का सफर तय किया जाना है। संभाग में कुल 50 सीटों में से 24 विधानसभा सीटों को यात्रा के दौरान कवर किया जाएगा। जयपुर जिले की कुल 19 सीटों में से केवल कोटपुतली सीट पर गौरव यात्रा की उपस्थिति होगी, जो शनिवार को हो चुकी है। (राजधानी की 16 सीटों पर वर्तमान बीजेपी विधायकों का कब्जा है।) वहीं सीकर जिले में श्रीमाधोपुर, झुंझुनूं जिले में उटयपुरवाटी, नवलगढ़, अलवर जिले में कठूमर और दौसा जिले में महुआ व सिकराय में राजे का रथ नहीं पहुंचेगा।

राजस्थान गौरव यात्रा के संपूर्ण कार्यक्रम की बात करें तो यह यात्रा प्रदेश में 40 दिनों तक चलेगी और कुल 200 में से 165 विधानसभाओं से होकर गुजरेगी। इस दौरान 6054 किलोमीटर का सफर तय होगा। 371 जगहों पर यात्रा के स्वागत कार्यक्रम और 134 आम सभाएं भी होंगी जिन्हें मुख्यमंत्री राजे संबोधित करेंगी। इससे पहले राजस्थान गौरव यात्रा में उदयपुर संभाग, जोधपुर संभाग, बीकानेर संभाग के साथ कोटा संभाग कवर हो चुका है। भरतपुर संभाग का दौरा पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन के चलते रद्द कर दिया गया था। मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे की इस रथ यात्रा का समापन पुष्कर (अजमेर) में होगा जहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी उपस्थित होंगे।

Read more: हम महिलाओं को देश-दुनिया से जोड़ना चाहते हैं और कांग्रेस उसका विरोध कर रही है…क्यों कहा राजे ने ऐसा, जानिए