news of rajasthan
मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे, राजस्थान
news of rajasthan
मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे, राजस्थान

मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे की राजस्थान गौरव यात्रा के दूसरे दिन जोधपुर जिले में रथ यात्रा पर पथराव और विरोध प्रदर्शन पर अब जमकर बहस आरंभ हो गई है। एक ओर भाजपा ने जहां इस घटना में कांग्रेस का हाथ होना बताया है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस ने घटना को निंदनीय बताते हुए अपना पल्ला घटना से झाड़ने की कोशिश की है। इसी बीच भाजपाओं ने सीधे-सीधे राजस्थान गौरव यात्रा पर पथराव की जिम्मेदार कांग्रेस पर सीधा निशाना साधा है। बीजेपी ने इस घटना में अप्रत्यक्ष रूप से कांग्रेस का हाथ होने का आरोप लगाया है जबकि कांग्रेस ने इससे इनकार किया है।

घटना के बाद मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने कहा, ‘कांग्रेस के एक बड़े नेता के इशारे पर राजस्थान गौरव यात्रा पर पथराव हुआ पर हम डरने वाले नहीं हैं। बौखलाहट में इस तरह का काम वो लोग करते हैं, जिन्होंने प्रदेश के विकास में कुछ नहीं किया। वे एक महिला को डराना चाहते हैं। शायद वो भूल रहे हैं कि नारी शक्ति किसी से डरने वाली नहीं है, राजस्थान के लिए यदि मेरी जान भी चली जाए तो मैं इसे अपनी खुशकिस्मती समझूंगी।’

बता दें, शनिवार को जोधपुर संभाग में मुख्यमंत्री की गौरव यात्रा पर पत्थरबाजी के जरिए हिंसा की कोशिश हुई। इस घटना ने सबको चौंका दिया है। यहां न केवल पत्थरबाजी हुई, गहलोत जिंदाबाद के नारे भी लगाए गए जिससे पूरा शक कांग्रेस पर आ जाता है। वजह है कि जोधपुर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का चुनावी गढ़ है। हालांकि गहलोत ने भी इन आरोपों का खंडन किया है।

news of rajasthan
मदन लाल सैनी, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष

इस संबंध में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन लाल सैनी ने कहा, ‘कांग्रेस इतने निम्न स्तर के हथकंडों पर उतर सकती है, इसकी कभी कल्पना भी नहीं की थी। राजनीति में विरोध होता है और विपक्ष के लिए सरकार की गलतियां गिनाकर बाहर लाने का अवसर होता है लेकिन इस अवसर को उसने पत्थरबाजी में तब्दील कर दिया। यह सिर्फ इसलिए कि कांग्रेस को लगने लगा है कि जनता ने उसे नकार दिया है। हम न तो भयभीत होंगे और न ही कांग्रेस की तरह ओछे हथकंडे अपनाएंगे। मैं इस घटना की निंदा करता हूं और भाजपा कार्यकर्ताओं से कहना चाहता हूं कि घरघर जाकर कांग्रेस को हराने का काम करें।’

दूसरी ओर, पत्थरबाजी की घटना के बाद उपद्रवियों की धर-पकड़ शुरू हो गई है। जोधपुर ग्रामीण के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पीपाड़ में मुख्यमंत्री की राजस्थान गौरव यात्रा के तहत हुई सभा के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने पत्थर फेंके और व्यवधान पैदा किया। इस संबंध में भादसं की विभिन्न धाराओं में दस लोगों को गिरफ्तार कर आज न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Read more: घुड़सवारी के जंपिंग इवेंट में बाड़मेर के जितेन्द्र ने दिलाया सिल्वर मेडल