news of rajasthan
श्रीगंगानगर के सादुलशहर एवं लालगढ़ जाटान में आमसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे।
news of rajasthan
श्रीगंगानगर के सादुलशहर एवं लालगढ़ जाटान में आमसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे।

राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने कहा कि हमारे किसान भाई अपनी मेहनत से प्रदेश का नाम पूरे देश में रोशन कर रहे हैं। उनकी खुशहाली हमारी जिम्मेदारी है। हमारी सरकार ने खेत से लेकर मंडी तक किसानों को राहत देने में कोई कसर नहीं छोड़ी। मुख्यमंत्री राजे शनिवार को श्रीगंगानगर के सादुलशहर एवं लालगढ़ जाटान में आमसभा को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने नहरी तंत्र को सुदृढ़ कर टेल क्षेत्र तक के खेत तक पानी पहुंचाने का प्रयास किया। सरकार के प्रयासों से आईजीएनपी तथा गंगनहर क्षेत्र में 2 लाख 30 हजार हैक्टेयर से अधिक भूमि पर सिंचाई की सुविधा बढ़ी है।

केन्द्र की सॉयल हैल्थ कार्ड योजना बनी किसानों के लिए वरदान

मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने कहा कि प्रधानमंत्री श्नरेन्द्र मोदी ने श्रीगंगानगर जिले के सूरतगढ़ से ही सॉयल हैल्थ कार्ड की जो योजना शुरू की जो आज किसानों के लिए वरदान बन गई है। इस योजना से श्रीगंगानगर में करीब 3 लाख किसानों को लाभ मिला है। पहले 50 प्रतिशत फसल खराबे पर ही किसानों को मुआवजा मिलता था। हमारी मांग पर केन्द्र सरकार ने पूरे देश में अब 33 प्रतिशत खराबे पर मुआवजे का प्रावधान किया है जिसका लाभ प्रदेश के लाखों किसानों को मिला।

किसानों का ऋण माफ किया, 33 हजार करोड़ की सब्सिडी दी

मुख्यमंत्री राजे ने कहा कि हमने किसानों के लिए बिजली की दरें नहीं बढ़ाई और बिजली के पेटे 33 हजार करोड़ रुपए की सब्सिडी दी है। प्रदेश में पहली बार 30 लाख किसानों को राहत देते हुए 9 हजार करोड़ रूपये का कर्जा माफ किया गया। सादुलशहर विधानसभा क्षेत्र में 50 करोड़ सहित पूरे श्रीगंगानगर जिले में 370 करोड़ रूपये का कृषि ऋण माफ किया गया है। इस साल के अंत तक किसानों को सहकारी बैंकों के माध्यम से 80 हजार करोड़ रूपये तक का कृषि ऋण उपलब्ध करा दिया जाएगा।

130 जल योजनाओं के लिए राशि स्वीकृत, प्रतिभाओं को निखारा

news of rajasthan
मुख्यमंत्री को सुनने के लिए जन सभा में उमड़ी श्रोताओं की भारी भीड़।

मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने कहा कि श्रीगंगानगर में 90 जनता जल योजनाएं पुनः शुरू करवा कर पंचायतों को सौंप दी हैं। बाकी बची 130 जनता जल योजनाएं शुरू करने के लिए राशि स्वीकृत कर दी गई है। श्रीगंगानगर शहर में सड़कों के विकास के लिए 20 करोड़ रूपए की राशि स्वीकृत की गयी है। आगे उन्होंने बताया कि स्थानीय खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए लालगढ़ जाटान में जल्द ही हैंडबॉल एकेडमी खोली जाएगी। इससे यहां के हैंडबॉल खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे और नए खिलाड़ी तैयार होंगे।

सिंचाई की सुविधा में बढ़ोतरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि 200 करोड़ रुपए की लागत से गंगनहर में कैनाल लाइनिंग का काम पूरा होने के बाद से 91 हजार 510 हैक्टेयर भूमि में अतिरिक्त सिंचाई की सुविधा बढ़ी है। इसी प्रकार 290 करोड़ की लागत से इस क्षेत्र में 467 पक्के खालों के निर्माण से 1 लाख 18 हजार हैक्टेयर से अधिक भूमि को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि 51 करोड़ रुपए की लागत से भांखड़ा नांगल परियोजना में 86 पक्के खालों के निर्माण से 25 हजार 943 हैक्टेयर भूमि को लाभ मिला है। इसके अलावा भी बीएडीपी, एमजेएसए तथा मनरेगा में भी पक्के खालों के निर्माण से 5 हजार हैक्टेयर भूमि को लाभ मिला है।

Read more: राजश्री और पालनहार जैसी योजनाओं से महिलाओं को मिल रहा आर्थिक सम्बल