news of rajasthan
राजस्थान गौरव यात्रा रथ में सवार मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह।
news of rajasthan
राजस्थान गौरव यात्रा रथ में सवार मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह।

मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने आज उदयपुर संभाग के राजसमंद जिले के कांकरोली के जेके स्टेडियम में सभा का संबोधन करते हुए कहा कि गरीबी हटाने का नारा देने वालों ने गरीबी हटाने का कोई काम नहीं किया। हमने लक्ष्य सुनिश्चित करके योजना को धरातल पर उतार कर जनता को लाभ पहुंचाया है। हमारी सरकार ने साढ़े चार साल में महिलाओं, किसानों, युवाओं के लिए वह काम किए जो किसी सरकार ने नहीं किया। मुख्यमंत्री राजे राजस्थान गौरव यात्रा के पहले पड़ाव पर प्रस्तावित सभा को संबोधित कर रही थीं। इस मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, पार्टी प्रदेशाध्यक्ष मदन लाल सैनी, गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया और जयपुर के महापौर अशोक लाहोटी सहित अन्य नेता भी उपस्थित रहे।

सरकार अब रुकने वाली नहीं है। अभी जनता के हित में बहुत सारे काम करने हैं। – मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे

महाराणा प्रताप, राणा कुंभा, भामाशाह, पन्ना धाय की धरती को नमन करते हुए अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने कहा, ‘आप सभी की मेहनत का ही फल है कि आज कमल हर जगह खिला है। मुझे याद है जिस पार्टी में कभी दो सांसद थे, आज वह दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बन गई है। आपके साथ से हम एक बार फिर जीत का इतिहास रचेंगे।

आपको याद होगा, वो भी एक समय था जब खाद बीज पुलिस थानों में कतारें लगाकर मिलता था। आज हर किसान को आसानी से खाद और बीज मिल रहा है – मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे

इससे पहले मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे संभाग के चारभुजानाथ मंदिर पहुंची और यहां पूजा-अर्चना की। यहां से अमित शाह ने रथ यात्रा को रवाना किया। जैसी ही यात्रा कांकरोली पहुंची, चुनावी सभा का आयोजन हुआ जिसमें मुख्यमंत्री सहित अन्य ने संबोधित किया। राजस्थान गौरव यात्रा के शुभारंभ के अवसर पर आयोजित जनसभा में आये कार्यकर्ताओं और आमजन में गजब का जोश दिख रहा है।

चारभुजानाथजी का आशीर्वाद फिर से दिलाएगा जीत

उन्होंने कहा कि हम एक बार फिर चारभुजानाथजी का आशीर्वाद लेकर राजस्थान गौरव यात्रा शुरू करने जा रहे हैं। मुझे विश्वास है कि चारभुजानाथजी का आशीर्वाद जैसे हमें पहले मिला था, वैसे ही फिर हमें मिलेगा। मुख्यमंत्री ने तीसरी बार अपनी चुनावी यात्रा की शुरूआत यहां से की है। 2003 व 2013 में भी राजे ऐसा कर चुकी हैं और दोनों बार विधानसभा चुनावों में जीत मिली है।

हमने कांग्रेस की तरह झूठे वादे नहीं किए: राजे

मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने कहा कि हमने कांग्रेस की तरह झूठे वादे नहीं किए। हमने आमजन के लिए काम किया है। हमारी सरकार हर योजना को जमीन पर लाने का काम कर रही है, जिससे जनता को उस योजना का सीधे लाभ मिल सके। भामाशाह योजना से महिलाओं को मजबूती मिली है और हमारी माताएं, बहनें परिवार की मुखिया बनीं। साथ ही गरीबों को इलाज में मदद मिली। बड़े-बड़े अस्पतालों के अंदर 3-4 लाख का इलाज मिल रहा है।

गिनाई सरकार की उपलब्धियां, 80 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने राजसमंद जिले में 80 करोड़ रुपये कि लागत से होने वाले विकास कार्यो के 22 लोकार्पण और 13 शिलान्यास भी किए। उन्होंने राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि किसानों की कर्ज माफी योजना में प्रदेश के 30 लाख किसानों का 9 हजार करोड़ का कर्ज राज्य सरकार माफ कर रही हैं। करीब 14 लाख किसानों को अब तक कर्ज माफी का लाभ मिल चुका है। भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना में राज्य सरकार द्वारा 1600 करोड़ और निःशुल्क दवा योजना में 500 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं। प्रदेश में 5 हजार स्कूल क्रमोन्नत हो चुके हैं और 6 हजार की ओर स्वीकृति मिल चुकी है। सरकार ने बेरोजगारो को रोजगार देने में कोई कमी नहीं रखी है। 78 हजार को नौकरियां मिली हैं और 28 हजार तृतीय श्रेणी शिक्षकों की भर्ती प्रकिया शुरू हो चुकी है 88 हजार शिक्षक और भर्ती होंगे।

शाह व मोदी का आभार जताया

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन लाल सैनी सहित भारी संख्या में आए कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा, ‘प्रधानमंत्री आवास योजना और उज्ज्वला योजना से आज महिलाओं को घर, शौचालय और गैस मिला है। इससे राज्य की महिलाओं को आत्मबल मिला है। इसके लिए मैं माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदीजी को धन्यवाद देती हूं।’

Read more: यह है राजस्थान गौरव यात्रा उदयपुर संभाग की रथ यात्रा का रोड मैप