jagat singh

राजस्थान के रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र में 28 जनवरी को होने वाले चुनाव से पूर्व नेताओं के बिगड़े बोल लगातार जारी है। यहां से बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी जगत सिंह ने एक बार फिर विवादित बयान देकर राजनीतिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी है। दरअसल जगत सिंह पत्थर का जवाब ‘AK-47’ से देने के विवादित बयान पर अब भी कायम है। जगत सिंह ने रविवार को मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि पत्थर कोई फेकेंगा तो ‘AK-47’ निश्चित रूप से चलेगी।

गौरतलब है कि पूर्व केंद्रीय मंत्री नटवर सिंह के बेटे और रामगढ़ से बसपा प्रत्याशी जगत सिंह ने एक चुनावी सभा के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, सीएम अशोक गहलोत और पूर्व सीएम वसुंधरा राजे को पेटी पैक करके भेजने की बात कही थी। साथ ही कहा था कि वो पत्थर का जवाब ‘AK-47’ से देते है। जिसके बाद उनके बयान की निंदा की गई थी लेकिन जगत सिंह अपने बयान पर कायम रहने की बात कह रहे है।

चुनाव आयोग ने जगत सिंह को थमाया नोटिस

रामगढ़ सीट से बसपा उम्मीदवार जगत सिंह के विवादित बयान के बाद चुनाव आयोग ने संज्ञान लेकर प्रत्याशी को नोटिस दिया है। चुनावी सभा में कथित रूप से आपत्तिजनक भाषा का उपयोग करने के बाबत आयोग ने नोटिस थमाया है। उल्लेखनीय है कि प्रदेश की रामगढ़ सीट पर हो रहे चुनाव पर सबकी निगाहें टिकी हुई है। पहले चुनावों में अलवर जिले को भारतीय जनता पार्टी का गढ़ माना जाता था। वहीं इस बार हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा यहां से 2 सीटें जीतने में कामयाब हो पाई है। रामगढ़ सीट पर कांग्रेस, भाजपा व बसपा के तीनों दमदार उम्मीदवारों के चुनावी मैदान में उतरने से मुकाबला त्रिकोणीय बन गया है।