amit-shah-jaipur-tour

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के 21 जुलाई को जयपुर आगमन पर गुलाबी शहर उनके स्वागत के लिए भाजपामयी हो गया है। अमित शाह के स्वागत के लिए शहर के कई मार्गों पर भाजपा की झंडियां और होर्डिंग, बैनर्स लगाए गए हैं। शाह 23 जुलाई तक जयपुर रहेंगे। इससे पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने इस दौरे को लेकर बीजेपी प्रदेश मुख्यालय में तैयारियों का भी जायजा लिया था। शाह के स्वागत के लिए की गई तैयारियों के तहत लगाए गए कटआउट्स लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

मुख्यमंत्री राजे ने किया शाह का स्वागत

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह शुक्रवार सुबह करीब 10:40 बजे सांगानेर एयरपोर्ट पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट पर अमित शाह का जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान एयरपोर्ट पर बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी, बीजेपी प्रदेश प्रभारी अनिवाश राय खन्ना, गृह मंत्री गुलाब चंद कटारिया, सवाई माधोपुर विधायक दीया कुमारी, जयपुर शहर भाजपा अध्यक्ष संजय जैन सहित राजस्थान से केन्द्रीय मंत्रियों, राज्य मंत्रिपरिषद के सदस्यों, अन्य जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारी मौजूद थे। इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।

भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह

सांगानेर एयरपोर्ट पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका बैंडवादन कर स्वागत किया। इसके अलावा अमित शाह के स्वागत के लिए गुलाबी नगर की सडक़ों पर भाजपा कार्यकर्ता जुटे रहे। अमित शाह के एयरपोर्ट से निकलने के बाद जवाहर सर्किल पर जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री भी उनके साथ रहीं। खास बात यह रही कि बीजेपी की महिला कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

amit-shah

 

महात्मा गांधी और अंबेडकर की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने जयपुर पहुंचने पर सबसे पहले गांधी सर्किल पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित की।इसके बाद उन्होंने अंबेडकर सर्किल पर अंबेडकर की प्रतिमा पर भी पुष्पाजंलि अर्पित की। इस मौके पर मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, बीजेपी के प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी ने भी महात्मा गांधी तस्वीर पर पुष्पाजंलि अर्पित की।

प्रदेश मुख्यालय में ली मंत्रिमंडल की बैठक

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह जयपुर पहुंचने के बाद भाजपा प्रदेश मुख्यालय में कैबिनेट की बैठक में शामिल हुए। बैठक में उन्होंने राजस्थान बीजेपी के संगठनात्मक ढांचे को मजबूती देने के लिए मंत्रिमंडल सदस्यों से बात की और साढ़े तीन साल के कार्यकाल का लेखा जोखा पूछा। इस दौरान अमित शाह एक-एक मंत्री से व्यक्तिगत रूबरू हुए और उनके विभागों की उपलब्धियों के बारे में जानकारी ली। इसके अलावा सुराज संकल्प के कितने वादे और घोषणाएं पूरी हुईं, इस बारे में भी जानकारी ली। इससे पूर्व उन्होंने ई-लाइब्रेरी का उद्घाटन किया। बैठक में मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी, मंत्री सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।