news of rajasthan
Rajasthan Election 2018

प्रदेश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचलें तेज हो गई है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही प्रमुख दल अपनी रणनीतियों के अनुसार तैयारियों में जुटे हुए हैं। ऐसे में अगर हम बात करे राजस्थान में पिछले 20 साल में कांग्रेस के प्रदर्शन की तो आंकड़े बताते हैं कि ग्रामीण सीटों पर कांग्रेस का प्रदर्शन लगातार गिर रहा है। वहीं, इन 20 वर्षों में भाजपा का प्रदर्शन लगातार बेहतर हुआ है। राजस्थान विधानसभा की कुल 200 सीटों में से 153 सीटें ग्रामीण इलाकों में आती हैं। 2008 में परिसीमन से पहले ग्रामीण इलाकों में 159 सीटें थीं। 2013 में भाजपा ने 153 में से 123 सीटों पर जीत दर्ज की। यह भाजपा का ग्रामीण सीटों पर अब तक का सबसे अच्छा प्रदर्शन भी रहा है। जबकि कांग्रेस को सिर्फ 17 ग्रामीण सीटों पर जीत नसीब हुई। इससे पहले 2008 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को 50 और कांग्रेस को 78 सीटों पर जीत मिली थी। 2003 के राजस्थान चुनाव में भाजपा ने 91 और कांग्रेस ने 47 ग्रामीण सीटों पर जीत दर्ज की थीं। कांग्रेस ने 1998 में 159 ग्रामीण सीटों में से 121 पर जीत दर्ज की थी, लेकिन 2013 के विधानसभा चुनाव में महज 17 सीटों पर सिमट गई।

news of rajasthan
Image: राजस्थान विधानसभा चुनाव 2018.

शहरों में भाजपा के वोट 16 फीसदी बढ़े, कांग्रेस के 13 प्रतिशत घटे

राजस्थान विधानसभा की ग्रामीण सीटों के साथ ही शहरी सीटों पर भी पिछले 20 साल में भाजपा का वोट प्रतिशत लगातार बढ़ा है। भाजपा को शहरों में सबसे ज्यादा वोट 2013 के चुनाव में मिले। इस चुनाव में भाजपा की झोली में 50 प्रतिशत शहरी वोट आए। यह पिछले चार चुनावों में सबसे ज्यादा है। इससे पहले कांग्रेस को 1998 के विधानसभा चुनाव में शहरी सीटों पर 48 फीसदी वोट मिले थे। भाजपा के लिए सबसे अच्छी बात यह है कि पिछले तीन चुनावों में पार्टी को शहरी सीटों पर 40 प्रतिशत से ज्यादा वोट मिले हैं। जबकि कांग्रेस को सिर्फ एक बार 1998 के राजस्थान विधानसभा चुनाव में 40 फीसदी से ज्यादा वोट मिले थे। यानि शहरों में भी लगातार भाजपा की पकड़ मजबूत बनती जा रही है।

Read More: सीएम राजे ने पुलिसकर्मियों का बीमा 10 गुना बढ़ाने की घोषणा की

ग्रामीण क्षेत्रों में जीतने वाली पार्टी ही बना पाती है सरकार

राजस्थान विधानसभा चुनाव के पिछले आंकड़े देखें तो पता चलता है कि ग्रामीण सीटों पर जीत दर्ज करने वाली पार्टी ही अक्सर अपनी सरकार बनाने में कामयाब होती रही है। आंकड़े बताते हैं कि​ भाजपा का ग्रामीण सीटों पर 20 साल में 13 प्रतिशत वोट बढ़ा है, जबकि कांग्रेस का वोट प्रतिशत 12% तक घटा है। भाजपा को ग्रामीण सीटों पर सबसे ज्यादा वोट 2013 के चुनाव में मिले हैं। पार्टी को 2013 में 45 प्रतिशत से ज्यादा वोट मिले। अब तक विधानसभा चुनावों में सबसे ज्यादा ग्रामीण सीटों पर जीत भाजपा ने दर्ज की है। 2013 के राजस्थान चुनाव में भाजपा ने 123 सीटें जीतीं। इससे पहले सबसे ज्यादा ग्रामीण सीटों पर जीतने का का रिकॉर्ड कांग्रेस के नाम था। कांग्रेस ने 1998 के चुनाव में 121 सीटों पर जीत दर्ज की थी। लेकिन पिछले चुनाव में कांग्रेज महज 17 सीटों पर ही रह गई। आंकड़ों से पता चलता है कि कांग्रेस ग्रामीण क्षेत्रों में भी लगातार कमजोर होती जा रही है। एक जमाने में देश के लगभग सभी राज्यों में शासन करने वाली कांग्रेस आज बेहद नाजुक दौर से गुज़र रही है और खुद का अस्तित्व बचाने के लिए संघर्षरत है।