news of rajasthan
कैलाश चन्द मेघवाल-राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष
news of rajasthan
कैलाश चन्द मेघवाल-राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष

आज राजस्थान के विधानसभा अध्यक्ष माननीय कैलाश चन्द्र मेघवाल का जन्मदिन है। कैलाश चन्द्र मेघवाल एक पुराने और भारतीय राजनीति के एक प्रगाढ़ राजनेता हैं। वर्तमान में वह राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष हैं। उन्होंने 22 जनवरी, 2014 को यह पदभार संभाला था। मेघवाल पूर्व में केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रह चुके हैं। इसके अलावा भारतीय जनता पार्टी के पूर्व में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष का कार्यभार भी संभाल चुके हैं। मेघवाल वर्तमान में भीलवाड़ा जिले के शाहपुरा विधानसभा क्षेत्र के भारतीय जनता पार्टी के विधायक हैं। पूर्व में वह टोंक-सवाई माधोपुर लोक सभा निर्वाचन क्षेत्र से सांसद थे। राजस्थान सरकार में अनेक बार मंत्री पद पर रह चुके हैं।

विधानसभा अध्यक्ष कैलाश मेघवाल को राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह ने उनके जन्म दिवस पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। साथ ही मेघवाल को पुष्पगुच्छ एवं शुभकामना पत्र भेजकर उनके सुदीर्घ एवं स्वस्थ जीवन की कामना की है।

कैलाश चन्द्र मेघवाल का जन्म 22 मार्च, 1934 को उदयपुर जिले के माजवाड़ा गाँव में हुआ था। उनकी प्रारंभिक शिक्षा उदयपुर में हुई। उदयपुर के मोहनलाल सुखाड़िया विश्‍वविद्यालय के महराना भूपाल कॉलेज से स्नातक किया और यहीं से विधि स्नातक और स्नातकोत्तर की डिग्री ली।

उनका राजनीतिक करियर 1962 में शुरू हुआ जब उन्हें प्रजा सोशलिस्ट पार्टी, राजस्थान का संयुक्त सचिव बनाया गया। इसके बाद 1977-85 तक वह राजस्थान विधानसभा सदस्य रहे। इसी दौरान उन्होंने 1977 में खान एवं भूविज्ञान मंत्रालय का स्वतंत्र प्रभार, पंचायती राज, भेड़ और ऊन, राजस्थान सरकार के राज्य मंत्री और 1978 में कैबिनेट मंत्री, सहकारिता, खान एवं भूविज्ञान, राजस्थान सरकार जैसे कार्यभार संभाले। 1982-1985 तक मेघवाल भाजपा, राजस्थान के महासचिव और 1987 के बाद उपाध्यक्ष रहे। वर्ष 2003-2004 में राज्य मंत्री, सामाजिक न्याय और अधिकारिता, भारत सरकार के पद पर कार्य कर चुके हैं। 2001-09 तक टोंक-सवाई माधोपुर लोक सभा निर्वाचन क्षेत्र से लोकसभा सांसद भी रह चुके हैं। कैलाश चन्द्र मेघवाल वर्तमान में राजस्थान के विधानसभा अध्यक्ष पद पर सुशोभित हैं।

read more: अमृतधा वाटर प्रोजेक्ट लि. को मिला एक करोड़ का प्रथम पुरस्कार