Rajasthan Election 2018
Congress hurts the public by pushing negative politics: BJP president Amit Shah.
news of rajasthan
अमित शाह, बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह आज राजस्थान में आए हुए हैं। यहां उन्होंने युवाओं का सबसे बड़ा संवाद कार्यक्रम ‘युवां री बात अमित शाह रे साथ’ कार्यक्रम को संबोधित किया। यहां उन्होंने कांग्रेस पर शब्दों के तीखे बाण छोड़ते हुए कहा कि जिन लोगों को भारत माता की जय बोलने में हिचकिचाहट होती है, उनको इस धरती का अन्न खाने का कोई अधिकार नहीं है। मरुप्रदेश की धरती पर उन्होंने सभी भारतीयों से अयोध्या में राम मंदिर बनाने का भी वायदा किया। उन्होंने कहा कि अयोध्या में जहां रामलला विराजमान है, उसी स्थान पर भव्य राम मंदिर बने इसके लिए भाजपा कटिबद्ध है। यह हमारा देश की जनता से वादा है। इसमें एक इंच भी पीछे हटने का सवाल ही नहीं है।’

राहुल बाबा दिन में सपने देखने लगे हैं लेकिन 2014 से जब से नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने हैं देश के चुनावी इतिहास को उठाकर देख लो कांग्रेस पार्टी को दूरबीन लेकर ढूढ़ना पड़ रहा है: अमित शाह

भाग्यशाली हूं कि वीर पुत्रों से बात कर रहा हूं: शाह

सभागार में मौजूद युवाओं को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि मैं अपने आप को भाग्यशाली समझता हूं कि महाराणा प्रताप, राणा सांगा, वीर दुर्गादास राठौर, भामाशाह की भूमि के युवाओं के साथ बात कर रहा हूं। मैं पन्ना धाय की त्याग की भूमि पर, मीराबाई की भक्ति से सराबोर भूमि पर और कालीबाई की बलिदान की भूमि पर बात कर रहा हूं। देश भर के युवाओं से कोई पूछे, कि कहां पर जन्म लेना है तो आंख मूंदकर कह सकते हैं वीर भूमि राजस्थान। संबोधन को जारी रखते हुए उन्होंने कहा कि विकास करना भारतीय जनता पार्टी की संस्कृति है, जहां-जहां हमें सरकार में आकर कार्य करने का मौका मिलता है, हम वहां लोगों के जीवन को सुधारने का काम करते हैं। सुंदर सिंह भंडारी, भैरों सिंह शेखावत की जन्मभूमि-कर्मभूमि रही, लालकृष्ण आडवाणी की कर्मभूमि रही और लाखों भाजपा के कार्यकर्ताओं ने जहां पर कमल को सींचने का काम किया है इस भूमि पर सभी युवाओं का हृदय से स्वागत करता हूं। 2018 का चुनाव जातिवाद , परिवारवाद और तुष्टिकरण के खिलाफ है और ये जंग राजस्थान के युवाओं के बगैर नहीं जीती जा सकती। युवाओं ने ये जंग जीतने की शुरुआत कर दी है।

कांग्रेस को घुसपैठियों के ह्यूमन राइट्स की चिंता, आम नागरिकों की नहीं:राष्ट्रीय अध्यक्ष

आतंकवाद पर बोलते हुए भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार और हमारी सभी राज्य सरकारें आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति लेकर आगे बढ़ रही हैं। तुष्टीकरण की राजनीति हमारे सिद्धान्तों के खिलाफ है। कांग्रेस को घुसपैठियों के ह्यूमन राइट्स की चिंता रहती है लेकिन घुसपैठियों के बम धमाकों में जिन नागरिकों की मौत होती है उनकी चिंता नहीं है। घुसपैठिये कांग्रेस के लिए वोट बैंक हो सकते हैं लेकिन भाजपा के लिए यह राष्ट्रीय सुरक्षा का विषय है। मनमोहन सिंह की सरकार थी उस दौरान पाकिस्तान से आलिया, मालिया, जमालिया देश के अंदर घुस जाते थे। हमला करते थे लेकिन कोई नहीं बोलता था। ये कांग्रेस की सरकारे थीं, भारत की सीमाओं से घुसपैठिये घुस जाते थे, कोई नहीं रोकता था, क्योंकि उनको घुसपैठियों में वोट बैंक नजर आता है। जब मोदी सरकार आयी, उस समय उरी के अंदर हमला हुआ। मोदी सरकार ने सेना को आदेश दिया और हमारे जाबांजो ने पाकिस्तान के घर में घुसकर अपने जवानों की हत्या का बदला लिया। असम में भाजपा सरकार आई और केन्द्र में मोदी सरकार थी। हम NRC लाए और 40 लाख घुसपैठियों को चिन्हित किया।

उन्होंने कहा कि युवा मित्रों मैं आपको एक वचन देने आया हूं। 2018 में राजस्थान में वसुन्धरा सरकार और 2019 में मोदी सरकार बना दीजिये। कश्मीर से कन्याकुमारी और असम से गुजरात तक एक-एक घुसपैठियों को चुन-चुन कर देश से बाहर निकालने का काम भाजपा करेगी। कश्मीर से कन्याकुमारी और असम से गुजरात तक एक-एक घुसपैठिये को चुन-चुनकर देश से बाहर निकालने का काम भारतीय जनता पार्टी की सरकार करेगी।

वसुन्धरा सरकार ने प्रदेश के हर परिवार को योजनाओं का लाभ देने का काम किया

बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मंच पर विराजमान प्रदेश की मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे की प्रशंसा करते हुए कहा कि राजस्थान की सरकार ने प्रदेश के हर परिवार को सरकार की योजनाओं का लाभ देने का काम किया है। राजस्थान में वसुन्धरा सरकार ने हर व्यक्ति को छूने का काम किया है। भामाशाह स्वास्थ्य योजना के तहत 24 लाख परिवारों को फायदा मिला। उज्ज्वला योजना के तहत 32 लाख लोगों के गैस कनेक्शन मिले। 5 साल पहले कांग्रेस पार्टी प्रदेश का बजट 94,000 करोड़ रुपये का छोड़कर गयी थी, वसुन्धराजी ने उसको बढ़ाकर 2,12,000 करोड़ तक पहुंचाने का काम किया है। 13 लाख लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिला, 50 लाख महिलाओं को मोबाइल फोन मिला, कॉलेज के युवाओं के लैपटॉप मिले, युवतियों को स्कूटी मिली। 11 लाख बेटियों को राजश्री योजना का फायदा मिला, 80 लाख परिवारों में शौचालय बनाकर महिलाओं और बेटियों को सम्मान के साथ जीने का अधिकार भाजपा सरकार ने दिया। प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना से 3 लाख युवाओं को स्किल डेवलपमेंट हुआ। फसल बीमा योजना का फायदा 43 लाख किसानों तक पहुंचा। केन्द्र में मोदी सरकार और राजस्थान में वसुन्धरा सरकार ने बहुत सारे परिवर्तन के कार्य किए हैं।

उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता जरा भी कन्फ्यूज न हो। केन्द्र सरकार राजस्थान के विकास के लिए कटिबद्ध है। भाजपा की संस्कृति है जहां-जहां हमें मौका मिलता है, हम विकास करते हैं। जन-जन के लिए काम करने का प्रयास करते हैं। प्रदेश को उन्नत करने का प्रयास करते हैं। मैं विश्वास के साथ कहता हूं कि हम पिछली बार से भी अधिक बहुमत से आगामी चुनाव जीतकर आएंगे। राजस्थान में वसुन्धरा सरकार और केन्द्र में नरेंद्र मोदी सरकार बनने से यह राज्य दिन दूनी-रात चौगुनी तरक्की करेगा।

राहुल गांधी का गठबंधन महज एक ढकोसला: अमित शाह

राहुल गांधी सब जगह घूम-घूम कर गठबंधन कर रहे हैं, उनको लगता है कि वो गठबंधन के सहारे आगे बढ़ जाएंगे। लेकिन सबको पता है कि उनका गठबंधन ढकोसला है। कांग्रेस पार्टी के बड़े बुजुर्ग जो गांधी परिवार से रिश्ता नहीं रखते थे, उनको प्रताड़ित करने में, उनका अपमान करने में और उनको तिरस्कृत करने में गांधी परिवार ने कोई कमी नहीं छोड़ी, राहुल गांधी जी आपके मुंह से प्यार की भाषा अच्छी नहीं लगती। आजादी के बाद 50 साल तक पंचायत से संसद तक कांग्रेस का शासन रहा और कांग्रेस ने 3 नासूरों से हमारे लोकतंत्र को ग्रसित कर दिया। जातिवाद, परिवारवाद और तुष्टिकरण। ये 3 ऐसे नासूर थे जो लोकतंत्र के मेरिट्स को खा जाते थे।

भाजपा आज देश के 19 राज्यों में मोदी जी के नेतृत्व में जनता के कल्याण में लगी है। देश की सुरक्षा को सुदृढ़ करने में लगी है और देश का सम्मान विश्व में बढ़ाने में लगी है। यह काम सिर्फ मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ही कर सकती है। कांग्रेस के समय में राजस्व 52 हजार करोड़ था। इसको 1 लाख 3 हजार करोड़ तक पहुंचाया। प्रति व्यक्ति आय 61 हजार थी, अब प्रति व्यक्ति आय को 5 साल में 76 हजार तक पहुंचाने का काम भाजपा सरकार ने किया। अमित शाह ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी पर तंज करते हुए कहा कि राहुल बाबा दिन में सपने देखने लगे हैं लेकिन 2014 से जब से नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने हैं देश के चुनावी इतिहास को उठाकर देख लो कांग्रेस पार्टी को दूरबीन लेकर ढूढ़ना पड़ रहा है।

Read moreसबको मालूम है कांग्रेस ने विकास में सिर्फ रोड़े अटकाए हैं-मुख्यमंत्री राजे