news of rajasthan
अमित शाह
news of rajasthan
अमित शाह

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और थिंक टेंक अमित शाह का आज जन्मदिन है। भाजपा के चाणक्य अमित शाह आज 54 वर्ष के हो गए हैं। अपनी दृढ़ता और कठिन परिश्रम के दम पर आज अमित शाह पार्टी के सर्वेसर्वा और आलाकमान में शामिल हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के करीब अमित शाह वर्तमान में पार्टी के अध्यक्ष पद के अलावा संसद के वरिष्ठ सभागृह राज्यसभा के सदस्य हैं। उनके जन्मदिवस पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री राजनाथ सिंह और राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे सहित नेताओं ने शाह को बधाई प्रेषित की है।


22 अक्टूबर, 1964 को महाराष्ट्र के मुंबई में एक व्यापारी के घर जन्मे अमित शाह का ताल्लुक गुजरात के एक व्यापारी परिवार से है। उनका गांव पाटण जिले के चंन्दूर में है। मेहसाणा में शुरुआती पढ़ाई के बाद बॉयोकेमिस्ट्री की पढ़ाई के लिए वे अहमदाबाद आए और बॉयोकेमिस्ट्री में बीएससी की। उसके बाद अपने पिता का प्लास्टिक के पाइप का बिजनेस संभालने में जुट गए। कम उम्र में शाह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ गए थे। कॉलेज के दिनों में 1982 में उनकी मुलाकात नरेंद्र मोदी से हुई और 1983 वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से जुड़े। इस तरह उनका छात्र जीवन में राजनीतिक रुझान बना।


शाह 1986 में भाजपा में शामिल हुये। 1987 में उन्हें भारतीय जनता युवा मोर्चा का सदस्य बनाया गया। अमित शाह ने 1997 में गुजरात की सरखेज विधानसभा सीट से उप चुनाव जीतकर अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की। 1999 में वे अहमदाबाद डिस्ट्रिक्ट कोऑपरेटिव बैंक (एडीसीबी) के प्रेसिडेंट, 2009 में गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष और 2014 में नरेंद्र मोदी के अध्यक्ष पद छोड़ने के बाद शाह गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष बने। 2003 से 2010 तक उन्होंने गुजरात सरकार की कैबिनेट में गृहमंत्रालय का जिम्मा संभाला।


2012 में नारनुपरा विधानसभा क्षेत्र से उनके विधानसभा चुनाव लड़ने से पहले उन्होंने तीन बार सरखेज विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। गुजरात के सरखेज विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से चार बार क्रमश: 1997 (उप चुनाव), 1998, 2002 और 2007 से विधायक निर्वाचित हो चुके हैं। 16वीं लोकसभा चुनावों से कुछ समय पहले 12 जून, 2013 को उन्हें भारतीय जनता पार्टी के उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाया गया। उनके संगठनात्मक कौशल और नेतृत्व क्षमता का ही असर था लोकसभा में भाजपा ने उत्तर प्रदेश में 71 सीटें जीती। इस करिश्माई जीत के‌ शिल्पकार रहे अमित शाह का कद पार्टी के भीतर इतना बढ़ा कि उन्हें भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष का पद प्रदान किया गया।

Read more: जोधपुर में एक ही जाजम पर बैठे दिखे गहलोत व वसुन्धरा राजे