news of rajasthan
Rajasthan Gaurav Yatra: CM Raje will be on Jodhpur division tour from August 24.

प्रदेश की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की ‘राजस्थान गौरव यात्रा’ के बाद सभी संभागीय मुख्यालयों पर गौरव सभाएं आयोजित होंगी। इन सभाओं में मुख्यमंत्री राजे के अलावा भाजपा के राष्ट्रीय स्तर के नेता भी भाग लेंगे। इसी को ध्यान में रखते हुए राजस्थान गौरव यात्रा की किसी भी संभाग मुख्यालय पर सभा नहीं रखी गई है। साथ ही उन विधानसभा क्षेत्रों में भी गौरव सभाएं आयोजित की जाएंगी, जो राजस्थान गौरव यात्रा के रूट में शामिल नहीं है। इन सभाओं को मुख्यमंत्री संबोधित करेंगी। वसुंधरा राजे की ये सभी सभाएं अक्टूबर माह में आयोजित की जाएंगी। गौरतलब है कि राजस्थान समेत 3 राज्यों में इसी वर्ष के अंत तक विधानसभा चुनाव होने हैं। राजस्थान में विधानसभा की 200 सीटों पर चुनाव होंगे।

news of rajasthan
Image: मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे.

प्रदेश के 165 विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी राजे की राजस्थान गौरव यात्रा

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे इनदिनों राजस्थान गौरव यात्रा के तहत प्रदेशभर के दौरे पर है। राजे अपनी इस रथ यात्रा के जरिए 58 दिनों में पूरे प्रदेश की परिक्रमा करेगी। इस दौरान कुल 6054 किलोमीटर का सफर तय होगा। इन 58 दिनों में से रथ यात्रा 40 दिन भ्रमण करेगी और इस बीच 18 दिन का विश्राम भी होगा। वसुंधरा राजे की रथ यात्रा प्रदेश की 200 विधानसभा में से 165 से होकर गुजरेगी। प्रत्येक विधानसभा के बाद अगली विधानसभा के बीच विश्राम होगा। कुल 371 जगहों पर यात्रा के स्वागत कार्यक्रम होंगे। इस दौरान 134 आम सभाएं भी होंगी जिन्हें मुख्यमंत्री राजे खुद संबोधित करेंगी। यात्रा के दौरान विकास कार्यों के शिलान्यास, एवं उद्घाटन और लोगों की मांग पर घोषणाएं भी राजे कर रही है। इस यात्रा का समापन 30 सितंबर को पुष्कर (अजमेर) में होगा, इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी शामिल होंगे।

Read More: वसुंधरा राजे और राहुल गांधी होंगे राजस्थान विधानसभा चुनाव के चेहरे

बता दें कि राजस्थान गौरव यात्रा की शुरूआत 4 अगस्त, 2018 को उदयपुर संभाग के चारभुजा नाथजी मंदिर से हुयी है, जहां भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने हरी झंडी दिखाकर इस यात्रा को रवाना किया था। मुख्यमंत्री राजे की यह रथ यात्रा प्रदेश के सभी सातों संभागों से होकर गुजरेगी। हर लोकसभा क्षेत्र में सीएम की यात्रा पहुंचने से पहले स्थानीय भाजपा सांसद को उप यात्रा भी निकाल रहे हैं। पहले चरण में उदयपुर संभाग की 7 दिवसीय यात्रा का आज शुक्रवार को अंतिम दिन है। इसके बाद मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे 16 अगस्त से दूसरे चरण की यात्रा के लिए भरतपुर संभाग का दौरा करेगी।