news of rajasthan
After rain winter increase in Rajasthan.

राजस्थान में इस सप्ताह की शुरूआत में हुई मावठ के कारण प्रदेशभर में सर्दी का क़हर जारी है। शीतलहर से बचने के लिए कामकाजी लोग घर से गर्म कपड़े पहनकर बाहर निकल रहे हैं। प्रदेश में कई जगह बारिश और ओले गिरने के कारण राजधानी जयपुर के तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। अलग-अलग हिस्सों में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। राजस्थान का एकमात्र हिल स्टेशन माउंटआबू में पारा गिरकर 3.4 डिग्री तक पहुंच गया है। इसी तरह सीकर जिले के फतेहपुर में भी तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। इनके साथ ही चूरू का पारा भी 5.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। आज सुबह भी देर तक घना कोहरा छाया रहा। अगले कुछ दिनों तक कभी भी बारिश होने का अनुमान है।

news of rajasthan
File-Image: राजधानी जयपुर के तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट.

पश्चिमी विक्षोभ के असर बाद अगले 24 घंटे में बारिश के आसार

प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के असर बाद बारिश के आसार बने हुए हैं। अगले 24 घंटे तक बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने मावठ के चलते शीतलहर चलने की आशंका भी जताई है। इससे राज्य में सर्दी का प्रभाव और बढ़ेगा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले दो दिन में न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी। मौसम विभाग ने जयपुर, सीकर, झुंझुनूं, अलवर, भरपुर में शीतलहर की चेतावनी जारी की है। तेज सर्दी में लोग सुबह-शाम अलाव जलाकर ठंड का असर कम करने की कोशिश में लगे हुए हैं। इंसानों के साथ ही पशु-पक्षियों को भी शीतलहर का सामना करना पड़ रहा है। उधर, पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में बीते चौबीस घंटे जमकर हिमपात हुआ है। शिमला से लेकर मनाली तक बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है। शिमला में मंगलवार को सीजन का सबसे अधिक स्नोफॉल हुआ है।

Read More: क्या कांग्रेस ने केन्द्र सरकार के भरोसे किया था किसानों से कर्ज माफ़ी का वादा?

प्रदेश के इन शहरों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से भी कम रहा

मावठ के कारण राजस्थान के कई शहरों के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। माउंटआबू और फतेहपुर में पारा 5 डिग्री से भी कम रिकॉर्ड किया गया है। श्रीगंगानगर में तापमान 7.1 डिग्री, सीकर में 8.0 डिग्री, अलवर में 9.0 डिग्री, भीलवाड़ा 9.3 डिग्री, बीकानेर 9.5 डिग्री, राजधानी जयपुर का तापमान 10.6 डिग्री और चुरू का न्यूनतम तापमान 5.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।