ras

भारत सरकार के केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण मंत्रालय ने राजस्थान की ब्यूरोक्रेसी को मज़बूती प्रदान करते हुए, हमारे 16 आरएएस अधिकारियों को आईएएस के रूप में पदोन्नत किया है। राज्य लोक सेवा के इन प्रशासनिक अधकारियों को अब भारतीय प्रशासनिक सेवा का दायित्व सौंपा गया है।  केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण मंत्रालय ने कल सोमवार को शाम को इसकी अधिसूचना जारी कर राज्य प्रशासनिक महकमें में यह ख़ुशख़बरी दी। राज्य के ये सभी 16 पदोन्नत आरएएस अधिकारी अब आईएएस के रूप में राज्य में ही अपनी सेवा देंगे।

योग्यता, अनुभव और कार्यकुशलता के पैमाने पर हुई पदोन्नति:

राजस्थान प्रशासनिक सेवा के इन 16 अफसरों का भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) में प्रमोशन इनके अनुभव, कार्यकुशलता और योग्यता को ध्यान में रखकर किया गया है। अभी पिछले महीने 22 जून को प्रदेश की राजधानी जयपुर में राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों के प्रमोशन को लेकर आईएएस बोर्ड मीटिंग का आयोजन किया गया था। इसमें राज्य के कर्मठ अधिकारियों का रिकॉर्ड चेक किया गया। दिए गए विभागों और ज़िम्मेदारियों पर इनकी अब तक की भूमिका को देखा गया। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर केंद्रीय मंत्रालय की ओर से पदोन्नति आदेश जारी किया गया है।

इन अधिकारियों को बनाया आईएएस:

केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण मंत्रालय की ओर से जारी की गई अधिसूचना सूची के अनुसार वरिष्ठ आरएएस छगनलाल श्रीमाली, प्रतिभा सिंह, रामचंद्र डेनवाल, राकेश कुमार जायसवाल, इंदर सिंह राव, वीरेंद्र सिंह, यज्ञमित्र सिंह देव, सीआर मीणा, प्रकाशचंद पवन, सांवरमल वर्मा, महेश चंद शर्मा, निर्मला मीणा, श्यामलाल गुर्जर, पवन अरोड़ा, दीपक नंदी और डीसी जैन का चयन भारतीय प्रशासनिक सेवा के दायित्व के लिए हुआ है।

जल्द ही तैयार होगा पदोन्नत अफसरों का बैच:

जब तक केंद्रीय कार्मिक मंत्रालय का आगामी आदेश नहीं आ जाता, तब तक ये पदोन्नत अफसर फिलहाल अपने पूर्व पद पर ही बने रहेंगे। थोड़े दिनों के अंदर मंत्रालय की तरफ से इन अधिकारियों के लिए बैच का आवंटन किया जाएगा। जिसके बाद एक लघु अवधि का प्रशिक्षण देकर, इन्हें विभाग एवं पद के अनुकूल नियुक्ति दे दी जाएगी। हालांकि राजस्थान में अभी प्रमोशन कोटे की 17 सीटें खाली थी, लेकिन केंद्रीय मंत्रालय ने 16 अधिकारियों को प्रमोशन देकर एक सीट को अगले साल के लिए छोड़ दिया है।

राजस्थान में हो जाएंगे कुल 252 आई.ए.एस.:

वर्तमान में राजस्थान में 236 आईएएस अधिकारी सेवारत हैं। नए पदोन्नत 16 आईएएस को नियुक्ति मिलने के बाद राज्य में आईएएस अधिकारियों की संख्या 252 हो जाएगी। हालांकि राजस्थान का आईएएस कैडर 313 अधिकारियों का है। लेकिन मंत्रालय के इस निर्णय से राज्य की प्रासनिक व्यवस्था में मज़बूती तो आएगी। केंद्र सरकार की ओर से यह पदोन्नति हो जाने के बाद अब प्रदेश के शेष आरएएस अफसरों का भी अलग-अलग वेतनमान के अनुसार प्रमोशन हो पायेगा।